पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शोक बैठक में हिस्सा लिया

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने शोक बैठक में पहुंचकर विधायक चंद्रप्रकाश की चाची के निधन पर जताया शोक
– पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. रामजीलाल की पत्नी जाना देवी के निधन पर विभिन्न संगठनों व विधायकों ने शोक जताकर संवेदनाएं व्यक्त की

हिसार / मंडी आदमपुर : पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. रामजीलाल की पत्नी और विधायक व सेवानिवृत्त आईएएस चंद्रप्रकाश की चाची जाना देवी के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हिसार में बालसमंद रोड पर स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में पहुंचकर शोक बैठक में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात करके संतप्त परिवार को सांत्वना दी और ढाढस बंधाया। इस दौरान उकलाना के विधायक नरेश सेलवाल, रोहतक के विधायक बी. बी. बतरा, लोहारू के विधायक राजबीर फरटिया, महम के विधायक बलराम डांगी, नारनौंद के विधायक जस्सी पेटवाड़ व बरोदा के विधायक इंदुराज नरवाल ने भी शोक बैठक में पहुंचकर शोक जताया।
जाना देवी के निधन पर विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने भी शोक व्यक्त किया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बजरंग दास गर्ग, अनिल मान, धर्मवीर गोयत, पंडित सुमन शर्मा, चक्रवर्ती शर्मा, रामस्वरूप जौहर, कृष्णा भाटी, संतोष जून व प्रवेश त्यागी ने जाना देवी के निधन पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। जाना देवी की स्मृति में 16 मार्च तक हिसार में बालसमंद रोड पर स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में निवास स्थान 205 पर प्रात: 9 बजे से सायं 6 बजे तक शोक बैठक का आयोजन किया गया है। 17 मार्च को प्रात: 7 बजे इसी स्थान पर आत्मिक शांति हेतु हवन-यज्ञ किया जाएगा।
92 वर्षीय जाना देवी का 9 मार्च को आकस्मिक निधन हो गया था। आर्य नगर के श्मशान घाट में पूरे विधि विधान से वैदिक रीति से 9 मार्च को अंतिम संस्कार क्रिया की गई। विधायक चंद्रप्रकाश ने बताया कि चाची जाना देवी हमेशा जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय रही और धार्मिक व सामाजिक विचारों को अपनाया। उन्होंने हमेशा स्नेहभाव रखते हुए हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चाची जानी देवी का जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *