जर्जर सडक़ें, गहरे गड्डों को भरने का अपना वायदा निभाएं मुख्यमंत्री: नीतू सोनी
बोली, नित्य हो रही गंभीर दुर्घटनाएं पड़ रही जीवन पर भारी
पूर्व नगर पार्षद नीतू सोनी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल को पत्र लिखकर सिरसा शहर की टूटी सडक़ें जल्द रिपेयर करवाने
की मांग की है। मंगलवार को लिखे पत्र में पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने बताया कि सिरसा शहर और खासकर उनके वार्ड की प्रमुख सडक़ों की हालत बड़ी ही दयनीय है। नीतू सोनी ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से बीती 15 जून से पहले प्रदेशभर की सभी टूटी सडक़ों को रिपेयर करवाने का वायदा किया था और शासकीय अधिकारियों को इस दिशा में गंभीरतापूर्वक कार्य
करने को निर्देशित किया था। बावजूद इसके 15 जून बीत जाने के बाद भी आज तक सडक़ों का सुधारीकरण नहीं हुआ है। ऐसे में रोजाना इन गढ्ढों के कारण गंभीर हादसे हो रहे हैं। उन्होंने लिखा कि गुजरात गैस एजेंसी की ओर से अपनी पाइप लाइन बिछाने के लिए शहरभर के विभिन्न भागों में खोदे गए गड्ढों के कारण ये स्थितियां पहले से भी अधिक गंभीर हो गई है। प्री मानसून के इस सीजन में शहर में हुई जरा सी बरसात के बाद इन गड्ढों की स्थिति ये है कि ये अपनी वर्तमान स्थिति से भी नीचे बैठ गए हैं जिससे गंभीर हादसे होने की प्रबल संभावना बन गई है।
रोज हो रहे हैं गंभीर हादसे
अपने पत्र में पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने बताया कि शहर के हिसार रोड, हिसारिया बाजार, नोहरिया बाजार, रानियां बाजार, सूरतगढिय़ा बाजार, सूरतगढिय़ा चौक, शिव चौक, सिटी थाना रोड सहित उनके वार्ड की गलियों में भी गहरे गड्ढे हो गए हैं तथा इनमें प्रतिदिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। इन गड्ढों में न केवल आमजन गिरकर चोटिल हो रहे हैं बल्कि आवारा घूमने वाले पशु भी इसका शिकार हो रहे हैं। काबिलेजिक्र है कि शहर में जर्जर सडक़ों व गहरे गड्ढों के कारण पूर्व में सिरसा शहर की एक होनहार चिकित्सक बेटी भी मौत का शिकार हो चुकी है जो रह रहकर सिरसावासियों के जहन में है। पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को उनका वायदा याद दिलाते हुए कहा कि वे शासकीय अधिकारियों को प्रदेशभर में टूटी सडक़ों व गड्ढों को दुरुस्त करवाने के गंभीर आदेश जारी करें।
—