सीईटी परीक्षा शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए समन्वय बनाकर कार्य करें अधिकारी :
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने 26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाले कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) परीक्षा 2025 की तैयारियों को लेकर जिला के वरिष्ठï अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान उन्होंने परिवहन, सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं व अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करते हुए परीक्षा शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। वहीं पुलिस अधीक्षक डा. मयंक गुप्ता ने कहा कि सीईटी परीक्षा के लिए जिला में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने व परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सीईटी परीक्षा को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश भर की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को परीक्षा के सफल आयोजन हेतु पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि 26 और 27 जुलाई होने वाली इस परीक्षा के लिए जिला में 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इन दोनों दिनों में दो-दो सत्रों में परीक्षा होगी, प्रत्येक सत्र के अनुसार 14 हजार 750 परीक्षार्थी के बैठने की व्यवस्था की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य करें। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए निकटतम स्थानों से रूट अनुसार परिवहन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे एडमिट कार्ड के अनुसार जारी निर्देशों की पालना करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। इसके अलावा उन्होंने परिवहन विभाग को भी निर्देश दिए कि दूरी के हिसाब से वे बसों की इस तरह व्यवस्था करें कि सभी विद्यार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में हेल्पडेस्क और सीईटी के लिए काउंटर व्यवस्था की जाए।
इस मौके पर नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद डा. सुभाष चंद्र, परीक्षा के समन्वयक जिला शिक्षा अधिकारी वेद दहिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
————-
एनसीडी कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
स्वास्थ्य विभाग व आढ़ती एसोसिएशन के तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय अनाज मंडी में एनसीडी एवं स्पेशल आउटरीच के तहत छठे कैंप आयोजन में किया गया। कार्यक्रम में सुशील कुमार बंसल ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। इस अवसर पर आढ़ती एसोसिएशन सिरसा के प्रधान प्रेम बजाज भी मौजूद रहे।
कैंप में अनाज मंडी में काम करने वाले आढ़ती व मजदूरों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जिसमें डा. केके गोयल तथा डा. मनीष मोमी द्वारा बीपी, ब्लड शुगर, ओरल केयर, ब्रैस्ट कैंसर, सीपीओडी, सर्वाइकल की जांच की गई। कैंप में नर्सिंग स्टाफ ने गैर संचारी रोगों से बचाव एवं नियंत्रण व संतुलित आहार के बारे में जागरूक किया। इसके अलावा आए हुए लाभार्थियों की आभा आईडी भी बनाई गई। कैंप में 180 से अधिक नागरिकों की उपस्थिति रही। कैंप में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से स्टाफ नर्स पुष्पा, गीता, एएनएम रुकमा, फार्मासिस्ट राजेंद्र मेहता व एसोसिएशन के उपप्रधान राजू सुधा, महासचिव राजेंद्र नड्डा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।