राज कनाल के पुलों का जल्द होगा कार्य शुरू, एसडीएम अर्पित संगल ने राजस्थान के सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

डबवाली क्षेत्र में पडऩे वाली इंदिरा गांधी नहर (राज कनाल) के पुलों का जल्द कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए लगभग 16 करोड़ रुपये तक के टेंडर हो चुके हैं। यह जानकारी राजस्थान के सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने एसडीएम अर्पित संगल को बैठक के दौरान दी।
एसडीएम अर्पित संगल ने शुक्रवार को इस नहर के डबवाली एरिया के पुलों की स्थिति व इनके मरम्मत कार्य को लेकर राजस्थान के सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ कार्यालय में बैठक की, जिसमें राजस्थान से आए अधिकारियों ने पुलों के निर्माण बारे जानकारी सांझा की।
एसडीएम को अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज कनाल के पुलों पर जल्द काम शुरू किया जाएगा, इसके लिए टेंडर हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्य में डबवाली एरिया में पड़ने वाले पुल भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलों के मरम्मत व विस्तारीकरण के साथ-साथ नए पुल बनाए जाने के कार्य भी शामिल हैं।
बैठक में सिंचाई विभाग के एसई रामा कृष्णा, एक्शन पुनील कागला, एसडीओ रजत चौधरी व जेई सुभाष उपस्थित थे।
————–
दो दिवसीय रोजगार मेले में 289 विद्यार्थियों का चयन
राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से 23 और 24 जुलाई को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सिरसा में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह प्लेसमेंट ड्राइव खरखौदा प्लांट के लिए आयोजित की गई थी।
इस रोजगार मेले में फिटर, वेल्डर, पेंटर, तकनीशियन ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, फाउंड्रीमैन, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, शीट मेटल वर्कर, टूल एंड डाई (प्रेस टूल और जिग्स), टर्नर, मशीनिस्ट, मशीनिस्ट (ग्राइंडर), एमएमवी, मैकेनिकल डीजल, मैकेनिकल ट्रैक्टर, मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग, मैकेनिक ऑटो बॉडी रिपेयर एवं टूल एंड डाई (डाई और मोल्ड) जैसे विभिन्न ट्रेड से संबंधित 568 प्रशिक्षणार्थी (छात्र/छात्राएं) शामिल हुए। उनमें से 16 छात्राओं ने शिक्षुता हेतु लिखित परीक्षा दी जिसमें 13 छात्राओं ने यह परीक्षा पास की।
वहीं प्लेसमेंट के लिए 552 छात्रों ने लिखित परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 314 छात्रों ने परीक्षा पास की। इनमें से 12 छात्राओं को शिक्षुता के लिए तथा 289 छात्रों का एफटीई (प्लेसमेंट) हेतु चयन किया गया। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को शिक्षुता के दौरान 19,300 प्रति माह तथा प्लेसमेंट (एफटीई) के लिए 28,000 प्रति माह मानदेय दिया जाएगा।
राजकीय आईटीआई सिरसा के प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि छात्रों को अधिक से अधिक रोजगार दिलाने हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के कैंपस इंटरव्यू एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा, ताकि कोई भी प्रशिक्षित युवा रोजगार से वंचित न रहे।
उल्लेखनीय है कि राजकीय आईटीआई सिरसा और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रशिक्षण एवं रोजगार को लेकर एमओयू किया गया है, जिसके तहत इस रोजगार मेले का सफल आयोजन संभव हुआ। इस मेले में हरियाणा के विभिन्न जिलों से प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। संस्थान स्तर पर उनकी सुविधा के लिए विशेष कमेटियों का गठन भी किया गया था।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा, प्लेसमेंट अधिकारी श्याम सिंह, जेपीओ अनिल बेनीवाल, वर्ग अनुदेशक हरीश कुमार, गुरदयाल, मनदीप कौर, शिक्षुता अनुदेशक सुनील हुड्डा, हरफुल चंद, अश्वनी कुमार, युद्धिष्ठर, जुगल किशोर, दयाराम, बहादुर सिंह, वीरेन्द्र सिंह, मांगेराम, सुनील बेनीवाल, नवनीत कुंडू सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
————-
पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मुहिम ‘हरा-भरा सिरसा, ए फस्र्ट स्टेप बाय डीएलएसए सिरसा’ के तहत जिला में 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में न्यायाधीश, अधिकारियों व कर्मचारियों, अधिवक्ताओं व क्लर्कों ने अपने घरों के बाहर पौधे लगाए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन व जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही इस मुहिम के तहत सिरसा जिला में 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जो कि 40 दिन में अपने लक्ष्य को पूरा करेगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने बताया कि इस मुहिम में न्यायिक दंडाधिकारी फैमिली कोर्ट कृष्ण कांत, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सीमा सिंघल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश सिंघल, अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश फैमिली कोर्ट सुमित गर्ग, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजन वालिया, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नितिन किनरा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश नवजीत क्लेर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मुनीश नागर, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष भगोटिया, न्यायिक दंडाधिकारी एवं प्रिंसिपल मैजिस्ट्रेट जेजेबी/अतिरिक्त सिविल जज (सीनियर डिविजन) राकेश कादयान, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी गगनदीप, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी रिचू ने अपने-अपने घरों के बाहर पौधे लगाकर सहयोग किया।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *