बच्चों को शिक्षा, खेल और अच्छे संस्कारों के लिए प्रेरित करें: सुरेश ओड
ओड समाज के उत्थान हेतु प्रदेशभर के पदाधिकारियों की विशेष बैठक संपन्न, सदस्यता अभियान का हुआ शुभारंभ
राष्ट्रीय ओड सभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मक्खन सिंह कोटली ने बताया कि आज राष्ट्रीय ओड सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश ओड और प्रदेश अध्यक्ष दिनेश मंगल द्वारा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पानीपत में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में ओड समाज के सभी पदाधिकारी शामिल हुए। समाज की उन्नति और विकास के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने अपने विचार साझा किए और समाज में फैली कुरीतियों पर गंभीर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश ओड ने कहा कि हमें अपने बच्चों को शिक्षा, खेल और अच्छे संस्कारों के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी समाज को नई दिशा दे सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों का बैठक में पहुंचने पर हार्दिक अभिनंदन किया और संगठन को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा संगठन विस्तार के लिए सदस्यता ग्रहण प्रोफॉर्मा का विमोचन भी किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश मंगल ने कहा कि ओड समाज आर्थिक रूप से कमजोर है, लेकिन एकजुट होकर हम इसे नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को संगठन से जोड़ें और समाज के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. प्रेम, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश गढ़ाई, प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश तायल, मास्टर दयानंद बाजल, सोशल मीडिया प्रभारी प्रदीप मजोका, अशोक मजोका, पवन चित्रा, कालूराम, मनोज, सुनील परिहार, रामकिशन बिका, खंडूराम, रोशन लाल पटवारी सहित प्रदेश भर से बड़ी संख्या में ओड समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।