जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता 9 अगस्त को: प्रो. लिम्बा
सिरसा। हरियाणा राज्य योग एसोसिएशन से संबद्ध जिला योगासन स्पोट्र्स एसोसिएशन सिरसा के तत्वावधान में 25वीं जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता 9 अगस्त 2025, शनिवार को सेठ तुला राम झूंथरा धर्मशाला, नजदीक अंबेडकर चौक सिरसा में आयोजित करवाई जायेगी। एसोसिएशन के सचिव प्रो. आर. सी. लिम्बा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता 8-10 वर्ष, 10-12, 12-14, 14-16, 16-18, 18-21, 21-25, 25-30, 30-35, 35-45 व 45 वर्ष से अधिक के आयु वर्गों में लडक़ों व लड़कियों के बीच अलग-अलग करवाई जायेगी। उन्होंने बताया कि यह एक ओपन प्रतियोगिता है और इसमें कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है और विजेता योग खिलाड़ी 16-17 अगस्त 2025 को ऑनलाईन होने वाली राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। संघ सचिव ने इंचार्ज, प्रतिभागियों से आह्वान किया कि समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें।