काले अध्याय के रूप में गिना जाएगा वीरवार का दिन: रवि कंबोज

सिरसा। युवा इनेलो नेता रवि कंबोज ने एक प्रेस बयान में कहा कि देश की राजनीति में वीरवार का दिन काले अध्याय के रूप में गिना जाएगा। जारी बयान में कंबोज ने कहा कि सरकार का इस 130वें विधेयक को पारित करने का सिर्फ और सिर्फ यही मकसद है कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है, वहां के नेताओं, पर आपराधिक मामले दर्ज करवाकर उन्हें पद से हटाकर सरकार की तोड़-मरोड़ कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अब तक जो विधेयक पारित किए हंै, वो अपनी मनमर्जी से आम जनता पर थोपें हैं। इन्हें पारित करने से पूर्व लोकसभा व राज्यसभा में कोई चर्चा नहीं की गई। आम जनता से भी इस संबंधी सुझाव मांगे जाते हंै, लेकिन ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा। आनन-फानन में सरकार ने इसे वीरवार को संसद में पारित कर दिया गया। कंबोज ने कहा कि सरकार ने इस विधेयक के माध्यम से लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है। इससे जहां शासन-प्रशासन बेलगाम होगा, वहीं भ्रष्टाचार और अधिक प्रगाढ़ होगा। इस विधेयक से किसी राज्य में अगर सरकार गिराई जाती है तो उसका खामियाजा वहां की जनता को भुगतना पड़ेगा। कंबोज ने कहा कि वर्तमान सरकार के शासनकाल में मंत्री से लेकर ऊंचे पदों पर बैठे लोग भी गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके हंै। कार्रवाई की बजाय नेताओं को पाक साफ करार दे दिया गया, जबकि अधिकारियों को पदोन्नति देकर बड़े पदों पर आसीन कर दिया गया। इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार का अब इस विधेयक को लाने का मकसद सिर्फ और सिर्फ विपक्ष को खत्म करना है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *