डबवाली पुलिस का सेवा पखवाड़ा महिला सुरक्षा, यातायात व स्वच्छता के उद्देश्यों पर रहा कैन्द्रित
थाना चौकी में स्वच्छता अभियान के साथ आमजन को जागरूक करने पुलिस टीमें उतरी मैदान में
। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार डबवाली पुलिस द्वारा 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे “सेवा पखवाड़ा” के दौरान रक्तदान शिविर, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, स्वच्छता व पौधारोपण जैसे बहुपक्षीय अभियानों के साथ विभिन्न विभागों के साथ कदम से कदम मिलाकर आमजन को जागरूक किया जाएगा । इसके साथ ही आमजन से सीधा संवाद कर उनको नशे जैसी सामाजिक बुराइयों व साइबर अपराधों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है ।
इस पखवाड़े के अन्तर्गत प्रभारी उप नि. राजकुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस डबवाली की टीमों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया । इस दौरान बाजारों, बस स्टैंड, व सार्वजनिक स्थलों पर वाहन चालकों व आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उनके पालन का महत्व समझाया गया । इसके साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाई गई । उन्होंने इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन सड़क हादसे घटित हो रहे हैं जिनमें कई बार जान-माल की क्षति भी होती है । उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए सिर्फ पुलिस नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वे नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें ।
इस सेवा पखवाड़ा में एक और कड़ी जोड़ते हुए महिला थाना प्रभारी उप नि. कमला देवी ने अपनी टीम के साथ रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को महिला सुरक्षा व नशे जैसी सामाजिक बुराई के बारे में जागरूक किया । मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए महिला थाना प्रभारी ने बताया कि महिला विरुद्ध अपराध के प्रति सजग रहें तथा असामाजिक तत्वों द्वारा की गई किसी भी प्रकार की अभद्र हरकत का डटकर मुकाबला करें । इसके लिए उन्होने 112 एप्प व दुर्गा शक्ति एप्प के महत्व बारे जानकारी दी । उन्होंने सभी से अपील की कि यह दोनों एप्प हर महिला के पास होनी चाहिए । इनकी सहायता से वें किसी भी समय विकट परिस्थिति में पुलिस की मदद ले सकती हैं । अगर महिला रात के समय कहीं से आ रही हो या जा रही हो वह अकेली होने पर भी किसी भी परिस्थिति में खुद को असुरक्षित महसूस न करें । आपकी एक कॉल पर महिला पुलिस आपकी सहायता के लिए पहुंच जाएगी व ट्रिप मॉनिटरिंग के तहत महिला को उसके गंतव्य स्थान पर सकुशल पहुंचा देगी । महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान के दौरान उन्होंने कहा कि डबवाली की महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह से तत्पर है ।
जागरूकता अभियानों के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश देने उतरे थाना शहर के कर्मचारियों व अधिकारियों ने थाना थाना में साफ सफाई की व उबड़-खाबड़ पड़ी जमीन को समतल किया । इस अवसर पर पौधों में पानी दिया गया । स्वच्छ वातावरण स्वस्थ शरीर का संदेश देते हुए थाना शहर प्रभारी नि. अनिल कुमार ने बताया कि स्वच्छ वातावरण के निर्माण में हर व्यक्ति की थोड़ी सी भागीदारी भी अहम भूमिका अदा करती है । रोजमर्रा के कार्यों से समय निकालकर हमें अपने आस-पास के क्षेत्र की साफ सफाई करनी चाहिए । हमारे आसपास का परिवेश अगर साफ सुथरा होगा तो स्वास्थ्य संबंधी विकार नहीं आ पाएंगी । इसके साथ ही नियमित शारीरिक श्रम करने से शरीर भी प्रफुल्लित रहता है और नई ऊर्जा का निर्माण होता है ।