|

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फतेहाबाद यूनिट ने 265 ग्राम हेरोइन सहित पकड़े दो नशा तस्कर

डबवाली/सिरसा। हरियाणा सरकार के नशा मुक्त प्रदेश संकल्प को अमलीजामा पहनाते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फतेहाबाद यूनिट ने नशे के खिलाफ  एक बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो की टीम ने गांव ओढ़ां में ख्योंवाली रोड पर नाकाबंदी कर नशीले पदार्थ की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 265 ग्राम हेरोइन, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं। यूनिट प्रभारी उप-निरीक्षक तरसेम सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के दिशानिर्देशानुसार और उप पुलिस अधीक्षक जगजीत सिंह के निर्देशन मे वह अपनी टीम के साथ नशा रोकथाम हेतु थाना ओढ़ां क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो तस्कर अपनी मोटरसाइकिल पर नशीला पदार्थ हेरोइन लेकर गांव ओढ़ां से गांव ख्योंवाली होते हुए गांव रघुआना जाएंगे। सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी करके बाइक सवार दो संदिग्धों को काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 265 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल पुत्र श्यामलाल और बलविंदर सिंह उर्फ  रिंकू पुत्र जगदीश सिंह निवासी गांव रघुआना, जिला सिरसा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी बड़े स्तर पर नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं, जिन्होंने नशीले पदार्थ की खेप को पंजाब के तरनतारन से मंगवाया है। जिसकी अवैध मार्केट में कीमत 50 लाख रुपए से ऊपर आंकी गई है, जोकि डबवाली और सिरसा के गांवों में सप्लाई की जानी थी। उप-निरीक्षक तरसेम सिंह ने आगे कहा कि हरियाणा एनसीबी समाज से इस बुराई को जड़ से मिटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशा तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी जानकारी को बेझिझक साझा करें। सूचना देने के लिए नेशनल हेल्पलाइन 1933, ऑनलाइन पोर्टल या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 का उपयोग किया जा सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *