भविष्य के लिए जल का करें संरक्षण
सिरसा। बिश्नोई मन्दिर, सिरसा में समाज के छात्र-छात्राओं हेतु चल रहे सात दिवसीय जाम्भाणी संस्कार शिविर के 5वें दिन संगरिया से पधारे मनोहर लाल कड़वासरा ने बिश्नोई पंथ से सम्बन्धित मुख्य बातों का विस्तार से वर्णन किया। जीव दया, वृक्ष महिमा, संस्कारों, बलिदानों की जानकारी दी। नैशनल कॉलेज के प्रो. डा. विवेक गोयल ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र के जीव-जन्तु-पक्षियों की प्रजातियों का वर्णन किया व उन्हें बचाने के लिये प्रयास करने का आह्वान किया। आज के सत्रों में अन्य वक्ता एडवोकेट रमेश गोयल ने जल की महिमा बताई व इसको बचाने के लिये उपाय बताए। वहीं प्रो. आर सी लिम्बा ने कैरियर गाइडेंस बारे विस्तार से चर्चा की व व्यक्तित्व विकास के विभिन्न सूत्रों से अवगत कराया। फतेहाबाद से पहुंचे डा. मोहन लाल कड़वासरा ने विद्यार्थी दिनचर्या व बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने सम्बन्धी मुख्य सूत्र बताये। दिन भर की मंच व्यवस्था प्रचार सचिव डा. मनीराम सहारण ने सम्भाली। इस अवसर पर सभा सहसचिव जगत पाल, उपाध्यक्ष कृष्ण लाल बैनीवाल, सविता खिचड़, सुनिता, उमेश, देश कमल, सभा सदस्य, सेवक दल सदस्य व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।