डबवाली में रविवार को होगी यूथ मैराथन, सीएम श्री नायब सिंह सैनी दिखाएंगे हरी झंडी
– 65 हजार से अधिक ने किया पंजीकरण, विजेताओं को मिलेंगे 6.29 लाख रुपये के नकद पुरस्कार
– 5 किमी, 10 किमी और 21.1 किमी तीनों स्पर्धाओं के रूट तय, मैराथन के लिए सभी तैयारियां पूरी
– देसी रॉक स्टार एमडी देंगे प्रस्तुति और लघु नाटक ‘नशा एक अभिशाप’ देगा नशा मुक्ति का संदेश
\नशे के विरुद्ध जन जागरूकता के लिए डबवाली में रविवार को सुबह छह बजे नई अनाजमंडी में यूथ मैराथन का आयोजन होगा। इस यूथ मैराथन में व्यापक स्तर पर युवाओं की भागीदारी होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यूथ मैराथन के लिए अबतक 65 हजार 400 से अधिक ने पंजीकरण करवाया हैं। यूथ मैराथन में विभिन्न आयु वर्गों के पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों को छह लाख 29 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
नशा मुक्ति संदेश के लिए लघु नाटक
यूथ मैराथन के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। लोकप्रिय कलाकार एमडी देसी रॉक स्टार अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही केएल थिएटर की टीम द्वारा ‘नशा एक अभिशाप’ नामक लघु नाटक का मंचन किया जाएगा। इस नाटक के माध्यम से समाज में नशे की लत से होने वाले दुष्परिणामों को दर्शाया जाएगा और युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार 24 अगस्त को सुबह 6 बजे नई अनाज मंडी से डबवाली यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 5 किलोमीटर, 10 और 21.1 किलोमीटर की दौड़ का फिनिश पॉइंट भी यहां नजदीक ही बनाया गया है।
पांच किलोमीटर
अनाज मंडी से लेफ्ट टर्न के साथ कबीर चौक से होते हुए रेलवे लाइन के साथ साथ होते हुए रेलवे अंडरपास से लेफ्ट होकर सीधे चौटाला रोड पर पहुंचेगी। इसके बाद प्रतिभागी लेफ्ट टर्न लेंगे और रोड के राइट साइड से सीधे बस स्टैंड की तरफ जाएंगे, बीच रास्ते कॉलोनी रोड कट से लेफ्ट होते हुए वापस चौटाला रोड पर आएंगे और बिश्नोई धर्मशाला के पास से राइट साइड होते हुए अनाज मंडी के पास स्थित फिनिश पॉइंट पर पहुंचेंगे।
10 किलोमीटर
यूथ मैराथन अनाज मंडी से लेफ्ट टर्न के साथ कबीर चौक से होते हुए रेलवे लाइन के साथ साथ होते हुए रेलवे अंडरपास से लेफ्ट होकर सीधे चौटाला रोड पर पहुंचेंगी, यहां से प्रतिभागी राइट साइड से होते हुए मदन मोहन स्कूल से होते हुए एचपीएस स्कूल ग्राउंड से पहले लेफ्ट टर्न करते हुए डबवाली बस स्टैंड की तरफ जाएंगे और कॉलोनी रोड मोड़ के पास लेफ्ट होते हुए बिश्नोई धर्मशाला से आगे राइट टर्न के बाद सीधे फिनिश पॉइंट पर पहुंचेंगे।
21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन
मंडी से लेफ्ट टर्न के साथ कबीर चौक से होते हुए रेलवे लाइन के साथ साथ होते हुए रेलवे अंडरपास से लेफ्ट होकर सीधे चौटाला रोड पर पहुंचेंगी, यहां से प्रतिभागी राइट साइड से होते हुए मदन मोहन स्कूल से होते हुए एचपीएस स्कूल ग्राउंड से पहले लेफ्ट टर्न करते हुए डबवाली बस स्टैंड की तरफ जाएंगे और कॉलोनी रोड मोड़ के पास लेफ्ट होते हुए बिश्नोई धर्मशाला से आगे सिविल अस्पताल और एसडीएम कार्यालय से होते हुए सीधी एचपीएस स्कूल ग्राउंड के पास से लेफ्ट टर्न होकर डबवाली बस स्टैंड जाने वाले उसी रास्ते से कॉलोनी रोड कट तक आएगी। उसके बाद फिर रोड पर टर्न के साथ बिश्नोई धर्मशाला के आगे से राइट टर्न के साथ फिनिश पॉइंट पर पहुंचेंगे।
जगह-जगह लगाए गए साइन बोर्ड
डबवाली यूथ मैराथन के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर व्यवस्था पुख्ता की जा रही है। प्रतिभागियों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए मैराथन रूट पर आवश्यकता अनुसार साइन बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि वे जिस स्पर्धा में दौड़ रहे हैं, उसकी प्रॉपर जानकारी मिलती रहे। इसके अलावा रूट पर तैनात पुलिसकर्मी भी मैराथन रूट बारे गाइड करते रहेंगें। आयोजन स्थल से लेकर मैराथन रूट पर आवश्यकता अनुसार पेयजल, मेडिकल-एम्बुलेंस और रिफ्रेशमेंट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। खेल विभाग के 10 से ज्यादा कोच प्रतिभागियों की सहायता के लिए रहेंगे।
एसडीएम अर्पित संगल ने शनिवार को यूथ मैराथन के लिए निर्धारित रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित रूट पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर की जाए ताकि धावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि धावक निर्धारित रूट पर दौड़े इसके लिए संकेतक लगाने के साथ ही पुलिस की ड्यूटियां भी निर्धारित की गई है। इसके अलावा रूट पर मेडिकल, पेयजल व्यवस्था की जाएगी। मैराथन को देखते हुए भी कुछ रूट पर टै्रफिक को पुलिस द्वारा डायवर्ट भी किया गया है।