नवनियुक्त पैनल अधिवक्ताओं की बैठक
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्थित एडीआर सेंटर में प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला की अध्यक्षता में नवनियुक्त पैनल अधिवक्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने अधिवक्ताओं को प्राधिकरण के कार्यों और उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने बनाए गए ड्यूटी रोस्टर के बारे में भी बताया और अधिवक्ताओं को उनके कर्तव्यों से अवगत कराया।
उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपने गली-मोहल्लों, गांवों और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित करें। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों और मुफ्त कानूनी सहायता (फ्री लीगल एड) के लाभों के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण समय-समय पर लोक अदालतों का आयोजन करता है, जहां दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामले सुलझाए जाते हैं। इन समझौतों की कोई अपील भी नहीं होती। उन्होंने अधिवक्ताओं से कहा कि वे लोगों को प्रोत्साहित करें कि वे कोर्ट में लंबे समय से चल रहे अपने मामलों को लोक अदालतों में प्रस्तुत करें। इसके साथ ही, उन्होंने प्राधिकरण की हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी।
बैठक में डिप्टी एलएडीसी कंवरजीत गिल और सीनियर पैनल अधिवक्ता बलबीर कौर गांधी ने भी अधिवक्ताओं को संबोधित किया। दोनों ने प्राधिकरण के कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने और लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए अपने सुझाव सांझा किए।
तत्पश्चात मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने लीगल एड डिफेंस काउंसिल की बैठक भी ली। इस बैठक में चीफ एलएडीसी मीरा गरवा, डिप्टी एलएडीसी कंवरजीत सिंह गिल, वंदना मोंगा, असिस्टेंट एलएडीसी देवेंद्र कौर, अमित और दीपांशुल मौजूद रहे। इस बैठक में कानूनी सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया को और सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे समाज में न्याय की पहुंच को आसान और प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।
————–
सोमवार और वीरवार को लगेंगे समाधान शिविर, सभी विभागों के अधिकारी रहेंगे उपस्थित
हरियाणा सरकार ने जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए लगाए जाने वाले समाधान शिविर को अब सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार को लगाए जाने का फैसला लिया है। इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी और शिविर सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक लगाए जाएंगे। मुख्य सचिव कार्यालय में समाधान प्रकोष्ठ द्वारा जिला व उपमंडल स्तर पर लगाए जाने वाले समाधान शिविरों की निगरानी की जाती है।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालय तथा डबवाली, कालांवाली एवं ऐलनाबाद उप-मंडल मुख्यालयों पर हर सोमवार एवं गुरुवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित मुख्यालय अथवा उप-मंडल में नियुक्त सभी विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे ताकि एक ही स्थान पर जन शिकायतों का प्रभावी व समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जा सके। समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों की समीक्षा के लिए प्रत्येक शुक्रवार को बैठक होगी।
सोमवार को आई नौ शिकायतें, नगराधीश ने दिए समाधान के निर्देश
सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नगराधीश यश मलिक ने जनसमस्याएं सुनी। शिविर में कुल नौ शिकायतें आई, जिसके तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक संसाधन सूचना विभाग (सीआरआईडी) से संबंधित चार शिकायतें, डीएमसी की दो, जिला राजस्व अधिकारी, एसडीएम ऐलनाबाद व पर्यटन विभाग से संबंधित एक – एक शिकायत समाधान के लिए रखी गई। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। प्राथमिकता के आधार पर समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान करें ताकि आमजन की शिकायतों का तत्परता से निवारण हो और उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।