ठेकेदार की लापरवाही झेल रहे बाटा कॉलोनी निवासी
पार्षद व वार्डवासियों ने मुख्यमंत्री व बिजली मंत्री को भेजी शिकायत
सिरसा। न्यू हाऊसिंग बोर्ड व बाटा कॉलोनी के बाशिंदे बिजली बोर्ड के ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा भुगतने को मजबूर हैं। वार्ड नंबर 3 के पार्षद रमेश मेहता व वार्डवासियों ने बताया कि बिजली के नए पोल लगाने के नाम पर पिछले दो महीने से कॉलोनीवासियों को ठेकेदार ने परेशान कर रखा है। दिन में भरी दोपहर गर्मी में लाइट का कट लगा देता है और जगह-जगह ट्रैक्टर टे्रक्टर मशीन से बर्मा चला कर पानी की पाइप लाइन तोड़ देता है। रविवार को फिर से ठेकेदार ने ट्रैक्टर से बर्मा चलाकर पानी की मेन सप्लाई की लाइन तोड़ दी, जिसके कारण न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और बाटा कॉलोनी के लोगों को पीने का पानी की सप्लाई नहीं मिल पाई। पाइपलाइन टूटने से गलियों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में खासी दिक्कतें उठानी पड़ी। उन्होंने बताया कि ठेकेदार ने इससे पहले भी 8-10 बार ट्रैक्टर द्वारा गड्ढा खोदने की ड्रिल मशीन चला कर लोगों के लिए परेशानियां पैदा की है। उन्होंने बताया कि वार्डवासियों के मना करने के बाद भी अपनी मनमर्जी से बर्मा मशीन से पाइप लाइन को तोडक़र गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल सप्लाई से महरूम किया जा रहा है। पिछले महीने भी इस ठेकेदार की वजह से कॉलोनी वासियों को लगातार 1 महीने तक पीने के पानी की किल्लत झेलनी पड़ी थी। यही नहीं विद्युत पोल को अपनी मनपसंद जगह लगवाने के नाम पर ठेकेदार का सुपरवाइजर लोगों से 5 से 10 हजार रुपए नजराने की भी मांग कर रहा है। बहुत से लोगों ने नजराना दे भी दिया है। उन्होंने नजराना देने वाले लोगों से शपथ पत्र लेकर शिकायत मुख्यमंत्री व बिजली मंत्री को भेज दी है, ताकि लोगों को समस्याओं से निजाम मिल सके और लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि न तो इनके पास कोई परमिशन है और न ही स्केनिंग मशीन है, जिससे कि ये पता लगाया जा सके कि जहां वे पोल के लिए खड्ढा खोद रहे हंै, वहां कोई पाइपलाइन तो नहीं है। पार्षद रमेश मेहता ने बताया कि बार-बार रोकने के बाद भी सुनवाई नहीं करने को लेकर वे वार्डवासियों को साथ लेकर जिला उपायुक्त से मिलकर शिकायत करेंगे।