बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता से मिले अमित सोनी

सौंपा मांगपत्र, बिजली संकट दूर करने को दिए अनेक अमूल्य सुझाव

सिरसा, 20 मई। वार्ड नंबर 19 के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने मंगलवार को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र सभ्रवाल को खुले दरबार में मांगपत्र सौंपकर सिरसा में बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने एवं उपभोक्ताओं को आ रही परेशानी को दूर करने का आग्रह किया। अपने मांगपत्र में पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने कहा कि सिरसा शहर में इस समय करीब 70 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं के अनुपात में बिजली कर्मचारियों की संख्या काफी कम है, जिससे सिरसा शहर में उपभोक्ताओं को गर्मी के सीजन के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निगम अधिकारियों को कुछ सुझाव भी दिए ताकि व्यवस्था बेहतर हो सके। इनमें मुख्य रूप से सिरसा के इंडस्ट्री और सिटी शिकायत केंद्र बिजली कर्मचारियों की कमी की समस्या से जूझ रहे हैं, ऐसे में शिकायत केंद्रों में चार-चार व्यक्ति तीन शिफ्ट में दिए जाएं। कर्मचारियों की कमी के कारण कई-कई घंटे बाद ट्रांसफार्मर के फ्यूज लगाने की नौबत आ रही है जिसे व्यवस्थित किया जाना चाहिए। सोनी ने कहा कि बिजली सुविधा केंद्र में शिकायत दर्ज करने के लिए नाममात्र के
कर्मचारी है जबकि यहां एक शिफ्ट में करीब आठ कर्मचारियों की नियुक्ति की जानी आवश्यक है। ऐसा न होने के कारण खासकर वार्ड के उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज करवाने में काफी
दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 21 की गली कांडा वाली, गली मस्जिद वाली और गली बावड़ी वाली में ट्रांसफार्मर के रोज रात के समय फ्यूज उड़ रहे
हैं जोकि 10 से 12 घंटे बाद लग रहे हैं। ऐसे में लोगों की रातें बेचैनी और बिना बिजली के गर्मी में कट रही हैं। परामर्श के तौर पर उन्होंने कहा कि रात के समय शिकायत केंद्र पर बिजली ठीक करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। व्यवस्था को बेहतर बनाने में शिकायत केंद्र पर बिजली कर्मचारियों को हाइड्रोलिक सीढ़ी और अन्य जरूरी उपकरण की उपलब्धतता दी जाए। धान के सीजन के लिए तीन महीने के लिए सिरसा शहर के लिए अतिरिक्त बिजली
कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। अधिक गर्मी और तापमान के कारण शहर के कई स्थानों पर बिजली के मीटर में आग लग रही हैं, ऐसे में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने के लिए नए मीटर की तुरंत व्यवस्था की जाए। सिरसा शहर में बढ़ते हुए बिजली उपभोक्ताओं के अनुपात में अतिरिक्त शिकायत केंद्र खोले जाएं ताकि उपभोक्ताओं को बिजली दुरुस्त करवाने में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत का सामना करना पड़े। रात के समय ट्रांसफार्मर और बिजली मीटर में आगजनी होने के चलते एक टोल फ्री नंबर मुहैया करवाया जाए जिस पर आपातकाल में आगजनी की सूचना दी जा सके। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि निगम अधिकारी उपरोक्त मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए तुरंत संज्ञान लेंगे और वार्ड के उपभोक्ताओं को आ रही परेशानी को दूर करेंगे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *