संगम स्कूल भरोखां के विद्यार्थियों ने ड्रीम वाटर पार्क में लिया पिकनिक का आनंद
सिरसा। संगम स्कूल भरोखां के छात्रों के लिए आयोजित ड्रीम वाटर पार्क की पिकनिक एक अविस्मरणीय रोमांचक अनुभव बन गया। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर खूब मस्ती की और मनोरंजन के साथ-साथ सामूहिकता एवं अनुशासन का भी परिचय दिया। विद्यालय के मुख्य अध्यापक छगन सेठी ने जानकारी दी कि इस पिकनिक का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त मानसिक ताजगी और शारीरिक सक्रियता प्रदान करना था। उन्होंने बताया कि इस दौरान विद्यालय के स्टाफ ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा। प्रत्येक छात्र पर नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों को तैनात किया गया था। ड्रीम वाटर वल्र्ड में बच्चों ने विभिन्न जल क्रीड़ाओं का आनंद उठाया। वॉटर स्लाइड्स, वेव पूल और रेन डांस जैसे आकर्षणों ने बच्चों को खूब उत्साहित किया। साथ ही पार्क प्रबंधक संदीप कड़वासरा की ओर से भी सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया गया, जिससे बच्चों और सभी अभिभावकों को संतोष मिला। विद्यालय प्रबंधन समिति सचिव सुनीता सेठी ने बताया कि इस पिकनिक से बच्चों को पढ़ाई के तनाव से राहत मिलेगी और वे नई ऊर्जा के साथ विद्यालयी जीवन में वापसी कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं तथा उनके विद्यालय जीवन को एक यादगार बनाते हैं और हम भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियों के आयोजन करते रहेंगे।