किसानों को खाद के साथ अन्य उत्पाद न दें खाद विक्रेता : संयुक्त निदेशक
संयुक्त निदेशक (कपास) डा. राम प्रताप सिहाग व उप निदेशक कृषि डा. सुखदेव सिंह की अध्यक्षता में संयुक्त निदेशक कार्यालय में विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों व खाद विक्रेता कंपनियों के प्रतिनिधियों की बैठक का आयोजन किया गया।
संयुक्त निदेशक (कपास) डा. राम प्रताप सिहाग ने खाद विक्रेता कंपनियों के प्रतिनिधियों से खाद की सप्लाई बारे जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खाद रैक सिरसा पहुंचने से 07 दिन पहले सभी कंपनियां कृषि विभाग को सूचित करना सुनिश्चित करें ताकि किसानों को समय पर सुचारू रूप से खाद उपलब्ध करवाई जा सके। कंपनियां जिला सिरसा को प्राप्त होने वाले प्रत्येक खाद रैक में से सरकारी हिदायतों अनुसार 40 प्रतिशत खाद का कोटा हैफेड को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का टैगिंग मैटिरियल किसानों को न दें। उन्होंने कहा कि जिला सिरसा की सभी खाद विक्रेता कंपनियों व डीलरों की गहनता से जांच करें, मशीन में खाद के स्टॉक व दुकान में उपलब्ध खाद का मिलान करें, खाद के गोदाम का निरीक्षण करें, स्टॉक बोर्ड को दुकान के बाहर प्रदर्शित करवाएं तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। प्रतिदिन की गई कार्यवाही की रिपोर्ट कार्यालय में भिजवाएं। उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी, टैगिंग की शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त से सख्त कार्यवाही करें व खाद वितरण का कार्य अपनी निगरानी में करवाएं।
बैठक में एचयूआरएल, एनएफएल, इफको, हिंडालको कंपनी के नुमाइंदों, जीएम हैफेड, एआरसीएस व कृषि विभाग से विभिन्न खंडों के अधिकारियों ने भाग लिया।