नगर परिषद् कब्जा छोडकर वहां पर बनने वाले मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाने का कार्य शीघ्र करें शुरू-बियानी।
शहर की सुंदरता को बनाने के लिए उपायुक्त करें पहल-बियानी।
सिरसा, दिनांक 26 अगस्त 2025। शहर की खूबसूरती के लिए सिरसा वैल्फ़ेयर फोरम के संयोजक समाजसेवी आनन्द बियानी ने बनाया बिगड़ी हुई ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने व रेहड़ी धारकों को स्थाई स्थान देने का प्लान। बियानी ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व उपायुक्त को दिए गए प्लान के बाद में स्थानीय बॉम्बे वाली गली में गर्वमैंट गर्ल्ज स्कूल को स्थानांतरित करके मल्टीस्टोरी पार्किंग का प्लान तैयार करके सरकार को भेजा गया था जिस पर लगभग 65 करोड़ रू0 की लागत का बजट भी बना था परंतु स्कूल के स्थानांतरित होने के पश्चात नगर परिषद् का कार्यालय वहां पर आने से पार्किंग का प्लान ठंडे बस्ते में चला गया।
बियानी ने कहा कि प्राचीन काल में सरस्वती नदी के किनारे बसे इस शहर के नक्शे को पूर्वजों ने बनाते समय खूब खुले बाज़ार, खुली गलियां व सात गेट, बनाकर सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा था। उन्होंने कहा कि समय के परिवर्तन के साथ चौड़े बाज़ार व गलियां अतिक्रमण के कारण संकीर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते अगर हमने अपने शहर की सुध नहीं ली तो आने वाले समय में भयंकर जाम की स्थिति से गुजरना पड़ सकता है, इसलिए उन्होंने शहर के बुद्धिजीवी लोगों से विचार-विमर्श कर शहर को सुंदर बनाने के लिए 15 पार्किंग स्थल, रेहड़ी संचालकों के लिए 16 स्थल व खाने-पीने की सामग्री बेचने वालों के लिए 20 स्थलों का चयन किया है ताकि इन गरीब लोगों की रोजी-रोटी पर कोई कु-प्रभाव न पड़े और हर क्षेत्र के लोगों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। इसी के साथ-साथ ऑटो रिक्शा वालों के लिए भी 28 स्टैंड व लगभग 75 से 80 के करीब स्टोपेज़्ाों को भी दर्शाया गया है। उन्होेंने यह भी बताया कि बनाए गए इस मास्टर प्लान में अतिक्रमण, बेसहारा पशुधन, ऑटो मार्किट, सुरक्षा के लिए कैमरों का चिन्हित स्थान, मार्ग विभाजित साईनबोर्ड, शहर की टूटी हुई सड़कें, मार्ग अवरूद्ध करने वाले बिजली पोल व ट्रांस्फोर्मर व शहर की बाहरी रोड़ फिरनी का विस्तृत जिकर कर समाधान करने की रूपरेखा बनाई है।
बियानी ने कहा कि उपायुक्त महोदय चाहें तो वे उनके समक्ष इस प्लान को रखेंगे और वे इस पर गहन विचार कर संबंधित अधिकारियों की टीम का गठन कर उनके द्वारा चिन्हित स्थानों का भ्रमण कर बिना विलंब कार्यवाई करने का आदेश देकर शहर की सुंदरता को चार चाँद लगा सकते हैं।