श्री चैतन्य टैक्नो स्कूल में गांधी जयंती, दशहरा समारोह आयोजित

प्राचार्या जीना धुरिया ने दिया बच्चों को सत्य मार्ग पर चलने का संदेश
सिरसा। ग्राम मोरीवाला स्थित श्री चैतन्य टैक्नो स्कूल में गांधी जयंती और दशहरा समारोह बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाए गए। इस कड़ी में सर्वप्रथम विद्यालय प्रांगण में विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधीजी के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां देकर सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रधानाचार्या जीना धुरिया ने कहा कि गांधीजी के आदर्श सदैव मनुष्य को नेक व सत्य की राह पर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं। बाद में उन्होंने रामायण का संदेश भी विद्यार्थियों को देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने जीवन में जिस प्रकार पिता के आदेश पर 14 सालों तक वन जाना स्वीकार किया, वह सभी इंसानों के लिए आदर्श स्थापित करता है कि सदैव अपने माता पिता के आदेशों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि रामायण का संदेश विद्यार्थियों को सच्चाई, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा दशहरा पर्व पर रामायण के विभिन्न प्रसंगों जैसे ताडक़ा वध, सीता हरण एवं श्रीराम राज्याभिषेक पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां दी जिन्हें बेहद सराहा गया। अंत में रावण दहन किया गया। दोनों ही अवसरों पर विद्यालय परिवार ने सक्रिय रूप से भाग लेकर भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *