|

करीब 5 लाख रुपए की एक किलो 654 ग्राम अफीम सहित, तस्कर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से काबू

सिरसा………… सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के काफी सार्थक परिणाम सामने आ रहे है । जिला की सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव मतुवाला वाला क्षेत्र से एक नशा तस्कर को करीब 5 लाख रुपए की एक किलो 654 ग्राम अफीम के साथ काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान अरदास सिंह उर्फ भोला पुत्र सोहन सिंह निवासी गांव मतुवाला वाला जिला सिरसा के रुप में हुई है । उन्होंने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान रानियां थाना क्षेत्र के गांव मतुवाला की तरफ जा रही थी । इस दौरान पुलिस पार्टी को गली में से एक युवक अपने हाथ में प्लास्टिक बैग लिए हुए आता हुआ दिखाई दिया । उक्त युवक सामने पुलिस पार्टी को देखकर अचानक घबरा गया और वापस मुड़कर तेज-तेज कदमों से चलकर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर पुलिस पार्टी ने उक्त युवक को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उसके हाथ में लिए प्लास्टिक के बैग की तलाशी ली तो उसके कब्ज़ा से करीब पांच लाख रुपए की एक किलो 654 ग्राम अफीम बरामद हुई । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि पुलिस की प्रारम्भिक पूछताछ मे पकड़े गए युवक ने बतलाया कि उक्त अफीम राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से लेकर आया था और उसे रानियां व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में था । उन्होने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक के खिलाफ थाना रानियां में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर अफीम तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम पता मालूम कर उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में आमजन बढ़-चढ़कर भाग ले तथा अपने आसपास नशा बेचने वालो की सूचना निसंकोच होकर मोबाइल नंबर 8814056100 पर पुलिस को दें,ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके । पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि अब जिला पुलिस की नजरों से नशा तस्करों का बचपाना नामुमकिन है । उन्होंने कहा कि नशा तस्कर या तो नशे का कारोबार करना छोड़ दे या फिर सिरसा जिले को छोड़ दें , नशा तस्करों की असली जगह जेल में है ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *