प्रशिक्षण कार्यक्रम भाषाई दक्षता एवं संप्रेषण कौशल को सशक्त बनाने में मील का पत्थर: पवन सुथार
तीन दिवसीय लैंग्वेज स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन
डाइट डिंग सिरसा के समस्त टीजीटी अंग्रेजी ने लिया भाग
सिरसा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) डिंग, सिरसा में आयोजित तीन दिवसीय इंग्लिश लैंग्वेज स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम का वीरवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सिरसा एवं डाइट प्राचार्या विजय लक्ष्मी के आदेशानुसारए डाइट प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया के निर्देशन में कार्यक्रम कॉर्डिनेटर डा. राकेश मोहन की देखरेख में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की स्पीकिंग, लिसनिंग, रीडिंग एवं राइटिंग स्किल्स को सुदृढ़ करना तथा विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करना था। कार्यक्रम के दौरान एससीईआरटी हरियाणा से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स सुदीप सानिवाल, राकेश मोहन, पवन कनोजिया, सुरेश करुणादीप एवम् वरुण बजाज ने इंग्लिश लैंग्वेज स्किल डेवलपमेंट से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण सत्र लिए। प्रशिक्षकों ने शिक्षण प्रक्रिया में इंटरएक्टिव लर्निंग, एक्टिविटी बेस्ड टीचिंग एवं कम्युनिकेशन ओरिएंटेड एप्रोच को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग के पूर्व उप निदेशक पवन सुथार एवं वर्तमान में न्यायधीश, पीएलए कोर्ट ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप शिक्षकों की भाषाई दक्षता एवं संप्रेषण कौशल को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत अध्यापक विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रयोग के प्रति आत्मविश्वास एवं सहजता विकसित करने में सक्षम होंगे। इस अवसर पर डाइट प्रवक्ता डा. सतबीर न्योल, डा. राजेश खुराना, नरेश नरूला, डा. विनोद कुमार, सूरज दुग्गल, दलीप गोदारा, सतपाल सिंह, डा. अनिल कुमार, संदीप कुमार, लिपिक सुनील, सुमित, सज्जन फौजी एवं सुभाष चंद्र सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कोट्स:
-डाइट डिंग सिरसा में जिले के समस्त खंडों में कार्यरत टीजीटी अंग्रेजी हेतु राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित तीन दिवसीय टीजीटी अंग्रेजी हेतु लैंग्वेज स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम का वीरवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण लेने के बाद अध्यापक, कक्षा-कक्ष में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी भाषा का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने का काम करेंगे।
-डा. राकेश मोहन, कॉर्डिनेटर, इंग्लिश लैंग्वेज स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम, डाइट डिंग, सिरसा।