शिक्षकों की कमी से जूझ रहा विभाग= नमन
सिरसा, 22 जनवरी। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नमन केडिया ने कहा कि शिक्षा विभाग शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है और इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से शिक्षकों व प्राचार्यों की कमी को शीघ्र पूरा करने की मांग की है।
यहां जारी बयान में नमन केडिया ने कहा कि प्रदेश के 85 कॉलेज बिना प्राचार्य के चल रहे हैं। प्रबंधन के अभाव के कारण इसका प्रभाव सीधा विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ता है। इसी प्रकार स्कूल-कॉलेजों में भी पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं। शिक्षकों की लंबे समय से कमी चल रही है वहीं सरकार शिक्षकों से गैर शिक्षण कार्य भी करवाती है। ऐसे में शिक्षा व्यवस्था का प्रभावित होना स्वाभाविक है। एक तरफ सरकार शिक्षा के स्तर को ऊंचा करने की बात करती है तो दूसरी ओर स्कूल कॉलेजों में स्टाफ व इंफ्रा स्ट्रक्चर की कमी हे। ऐसे में हवाई बातें करना बेमानी ही है। राज्य सरकार को चाहिए कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्कूल कॉलेजों में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करे वहीं शिक्षा संस्थानों में मूलभूत सुविधाएं भी प्रदान करे।