|

विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित करते हैं स्टीम मेले: रेणु शर्मा

स्टीम मेले में विद्यार्थियों ने अपने मॉडल्स से दिखाई प्रतिभा
सिरसा। राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, बड़ागुढ़ा (सिरसा) के परिसर में स्टीम मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य छात्राओं में विज्ञान, गणित, अंग्रेजी तथा सामाजिक विज्ञान विषयों के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देना तथा प्रयोगात्मक शिक्षा को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के मुख्याध्यापक राम सिंह द्वारा की गई। इस अवसर पर एबीआरसी रेणु शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए छात्राओं द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित करते हैं। इस स्टीम मेले में विज्ञान, गणित, अंग्रेजी तथा सामाजिक विज्ञान विषयों से संबंधित लगभग 30 विभिन्न प्रकार के मॉडल, चार्ट और प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए। छात्राओं ने जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, गणितीय अवधारणाओं, ऐतिहासिक स्थलों तथा सामाजिक विषयों से जुड़े अनेक रोचक और शिक्षाप्रद प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। प्रत्येक प्रोजेक्ट के माध्यम से छात्राओं ने अपने विषय की जानकारी को सरल और प्रभावी ढंग से समझाने का प्रयास किया। इस आयोजन में कक्षा छठी से आठवीं तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने मॉडल और प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के एसएमसी प्रधान तथा अन्य सदस्यों ने भी प्रदर्शका अवलोकन किया और छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय द्वारा अभिभावकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। अभिभावकों ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स को बड़े ध्यान से देखा और उनकी मेहनत तथा रचनात्मकता की प्रशंसा की। इससे छात्राओं का उत्साह और आत्मविश्वास भी बढ़ा। इस स्टीम मेले के सफल आयोजन में विद्यालय के अध्यापकगण परमजीत कौर, भोला राम, आशा रानी, राज शर्मा तथा रवि राज सिंह का विशेष योगदान रहा। सभी अध्यापकों ने छात्राओं को प्रोजेक्ट तैयार करने में मार्गदर्शन दिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में मुख्याध्यापक राम सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, अध्यापकों तथा छात्राओं का धन्यवाद किया और भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। इस प्रकार स्टीम मेले का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *