ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशा मुक्ति अभियान जारी, पीड़ितों की काउंसलिंग कर दवाएं उपलब्ध करवाईं

फतेहाबाद, 23 जून ; ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जिले में नशा मुक्ति अभियान निरंतर जारी है। अभियान के अंतर्गत नशा प्रभावित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने, उपचार उपलब्ध करवाने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एसआई सुंदर के कुशल नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद द्वारा गांव सालमखेड़ा में एक तथा शहर फतेहाबाद में तीन सहित कुल चार नशा पीड़ितों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग उपरांत पीड़ितों को आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध करवाई गईं तथा उन्हें नियमित उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा टीम द्वारा नागरिक अस्पताल फतेहाबाद तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतिया में उपचाराधीन नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना गया और उन्हें नशे से दूर रहकर उपचार को निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
वहीं सहायक उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम टोहाना मंडल ने ईआरवी-221 की सहायता से गांव डागरा में नशा प्रभावित व्यक्तियों से संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा उन्हें नशा छोड़ने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। टीम द्वारा प्रेम नगर सिंबलवाला क्षेत्र में भी नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी काउंसलिंग की गई और उपचार के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त आठ नशा पीड़ितों को अस्पताल से आवश्यक दवाएं दिलवाई गईं।
अभियान के दौरान परफेक्ट कंप्यूटर रतिया तथा टोहाना के एक कोचिंग सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 200 युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक नुकसान तथा नशे से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीमों ने युवाओं को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक करने की अपील की।
  पुलिस की नशा मुक्ति टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर नशा प्रभावित व्यक्तियों की काउंसलिंग, फॉलोअप और उपचार संबंधी सहायता उपलब्ध करवा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर सामान्य जीवन की ओर वापस लाया जा सके।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *