कारगिल विजय दिवस पर बाबा सरसाईनाथ सेवा ट्रस्ट ने पौधारोपण कर वीर शहीदों को किया नमन
सिरसा। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर बाबा सरसाईनाथ सेवा ट्रस्ट (रजि. नं. 2116) द्वारा सिरसा-हिसार रोड पर पौधारोपण कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदवेयर सैनिटरी के एरिया मैनेजर मदन सैनी के करकमलों से पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर मदन सैनी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने अपने अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान से देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए भारत का मस्तक विश्व में ऊंचा किया। आज हम जो सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, वह उन्हीं वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का नैतिक दायित्व है तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण भी उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। संस्था के प्रधान रविंद्र सैनी ने कहा कि हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के आश्रितों एवं वीरांगनाओं के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का अग्रणी राज्य है, जहां अग्निवीरों के चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर लौटने के बाद उन्हें सरकारी नौकरियों में विशेष अवसर एवं आरक्षण प्रदान करने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे पुलिस, वन विभाग तथा अन्य सरकारी सेवाओं में सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर राष्ट्र सेवा का अपना योगदान निरंतर जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण जनहितकारी निर्णय लिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सुल्तान सिंह सैनी, डॉ. सुमित सैनी, हृदेश शर्मा, राधेश्याम पवार (बुर्ज भंगू), चंद्रमोहन, रंजीत, सुरेंद्र, नरेंद्र, सतवीर, विनोद सहित बाबा सरसाईनाथ सेवा ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।