|

होमगार्ड के जवान ने ईमानदारी की मिसाल पेश की : फोन मालिक को लौटाया गुम हुआ मोबाइल।

सिरसा। ड्यूटी के दौरान सड़क पर मिला कीमती मोबाइल फोन उसके असली मालिक तक पहुंचाकर सिरसा के होमगार्ड जवान राज कुमार ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। जवान के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी प्रशंसा हो रही है। जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान राज कुमार सुबह शहर के बस स्टैंड के समीप बरनाला रोड कट पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्हें सड़क पर एक मोबाइल फोन लावारिस अवस्था में पड़ा मिला। जवान ने मोबाइल को अपने पास सुरक्षित रखा और उसके मालिक की तलाश शुरू की। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मोबाइल के माध्यम से संपर्क साधकर उसके वास्तविक मालिक का पता लगाया।
मोबाइल की पहचान फतेहाबाद निवासी दर्शन कुमार के रूप में होने के बाद जवान राज कुमार ने उन्हें बरनाला रोड कट पर बुलाया। पूरी तस्दीक करने के बाद मोबाइल फोन सुरक्षित रूप से दर्शन कुमार को सौंप दिया गया।
खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर दर्शन कुमार के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने होमगार्ड जवान राज कुमार की ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। स्थानीय नागरिकों ने भी जवान के इस कार्य की प्रशंसा की। राज कुमार ने अपने आचरण से यह संदेश दिया कि वर्दी पहनने वाला प्रत्येक जवान कानून व्यवस्था के साथ-साथ जनसेवा और ईमानदारी के प्रति भी पूरी तरह समर्पित है। उनका यह कार्य समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक भावना को मजबूत करने वाला है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *