|

स्किट और व्याकरण प्रश्नोत्तरी में चत्तरगढ़पट्टी स्कूल के विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

सिरसा। राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय, चतरगढ़ पट्टी के विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हाल ही में आयोजित ‘कल्चर फेस्ट’ के जूनियर वर्ग में विद्यालय के नन्हे कलाकारों ने शानदार अभिनय का प्रदर्शन करते हुए स्किट प्रतियोगिता में पूरे सिरसा जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। बच्चों की इस प्रस्तुति और कलात्मक क्षमता को जजों द्वारा खूब सराहा गया। इसी कड़ी में, ‘हिंदी पखवाड़े’ के तहत आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय का दबदबा रहा। विद्यालय के एक होनहार छात्र ने व्याकरण प्रश्नोत्तरी में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया, जबकि एक अन्य विद्यार्थी ने कविता पाठ प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इस सुनहरे अवसर पर विद्यालय के मुख्य शिक्षक  बंसीलाल झोरड़ ने विजेता बच्चों, उनके अभिभावकों और समस्त स्कूल स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा, यह ऐतिहासिक सफलता हमारे बच्चों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और सबसे बढ़कर अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। सरकारी स्कूलों के बच्चे आज हर क्षेत्र में निजी स्कूलों से आगे निकल रहे हैं। विद्यालय परिवार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और आगे भी उन्हें ऐसे मंच प्रदान करता रहेगा। इस उपलब्धि से पूरे वार्ड और स्कूल में खुशी का माहौल है। विजेता बच्चों को प्रार्थना सभा में विशेष रूप से सम्मानित किया गया, ताकि अन्य बच्चे भी इससे प्रेरणा ले सकें। इस अवसर पर सोनिया कटारिया, सुमन कुमारी, संतोष सेठी, नीति कौशिक, उषा रानी, विनय कुमारी, कविता शर्मा, संगीता मलिक, सुमन लाम्बा, सुनीता देवी, उर्मिला देवी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *