जांच कमेटी से विद्यार्थियों को बंधी न्याय की उम्मीद
सिरसा। मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी सिरसा में व्याप्त अनियमितताओं की जांच के लिए बनाई गई कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इस फैसले का स्वागत करती है। युवराज चावला नगर मंत्री, सिरसा एबीवीपी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद को उम्मीद है कि इस मामले में मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री स्वयं संज्ञान लेकर जांच करवाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि जांच कमेटी द्वारा विश्वविद्यालय में व्याप्त विभिन्न प्रकार की अनियमितता चाहे व भर्तियों में फर्जीवाड़ा हो, विकास कार्यों में भ्रष्टाचार हो, छेड़छाड़ के मामले हो, पदोन्नति हो, विकास कार्यों में भ्रष्टाचार हो या फिर चाहे फर्जी डीएमसी प्रमाण पत्र का मामला हो। इसके अलावा विद्यार्थियों को पास या फेल, उपस्थित-अनुपस्थित दिखाने का खेल हो या इस खेल से भ्रष्टाचार करने का मामला हो इन तमाम मामलों की गंभीरता से जांच कर दूध का दूध और पानी का पानी करना चाहिए। चावला ने कहा कि एबीवीपी मांग करती है कि जांच कमेटी जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट तैयार कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे, ताकि भ्रष्टाचार का जड़ से खात्मा हो सके और विश्वविद्यालय में एक बेहतर माहौल बनाया जा सके।