सेना में सामान्य प्रवेश परीक्षा के चयनित उम्मीदवारों की सूची जल्द होगी जारी

सेना भर्ती कार्यालय हिसार ने सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) 2025-26 को लेकर जरूरी जानकारी साझा की है। भर्ती निदेशक ने बताया इस परीक्षा में शामिल होने वाले विभिन्न श्रेणियों में चयनित उम्मीदवारों की सूची जल्द ही भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट  www.joinindianarmy.nic.in पर प्रकाशित की जाएगी, जिस पर उम्मीदवार अपना परिणाम देख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह सूची अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर तकनीकी व अग्निवीर ट्रेड्समैन, सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक/नर्सिंग सहायक (पशु चिकित्सा), सिपाही फार्मा, धार्मिक शिक्षक जूनियर कमीशन अधिकारी, जूनियर कमीशन अधिकारी (कैटरिंग), हवलदार (सर्वेयर ऑटोमेटेड कार्टोग्राफर) और हवलदार (शिक्षा) जैसी श्रेणियों के चयनित उम्मीदवारों के लिए होगी।
उन्होंने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अपनी पंजीकृत ईमेल आईडी और मोबाइल समय-समय पर चेक करते रहें। इसके साथ ही अभ्यर्थी वेबसाइट पर लॉगिन कर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों की भर्ती रैली 1 अगस्त से 13 अगस्त 2025 तक हिसार मिलिट्री स्टेशन में आयोजित की जाएगी।
इस दौरान एडमिट कार्ड चयनित अभ्यर्थियों को उनके ईमेल के माध्यम से भेजे जाएंगे। भर्ती निदेशक ने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर होगी। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े  से सावधान रहें।
———-
कृषि मेले में किसानों को दी नवीनतम कृषि तकनीक की जानकारी
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा गांव शक्कर मंदौरी में कृषि मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 400 किसानों ने भाग लेते हुए विभागीय योजनाओं व कृषि से संंबंधित नवीनतम तकनीकों की जानकारी हासिल की।
इसके अलावा मेले में किसानों को फसल बीमा, मिट्टïी की जांच व फसल सुरक्षा उपायों के बारे में किसनों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि डा. सुखदेव सिंह, कृषि विज्ञान केन्द्र से डा. देवेंद्र जाखड़, डा. राकेश कुंट, डा. कोमल, डा. शैैलेन्द्र सहारण, खंड कृषि अधिकारी विजय रंगा आदि ने किसानों को विभागीय योजनाओं व कृषि तकनीक बारे जागरूक किया।
उप कृषि निदेशक डा. सुखदेव सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार व कृषि विभाग किसानों की आय को बढ़ाने, खेती को लाभदायक बनाने और जलवायु अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ लें और समय पर वैज्ञानिक सलाह के अनुसार खेती करें।
डा. देवेन्द्र जाखड़ ने मिट्टी जांच की महत्ता बारे बताया कि मिट्टी की गुणवत्ता को समझें बिना उर्वरक का प्रयोग करना न केवल नुकसानदायक होता है, बल्कि इससे उत्पादन भी प्रभावित होता है। उन्होंने खाद/फर्टिलाईजर के संतुलित उपयोग पर जोर दिया।
————-
गांव सूचान में हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन
जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शुक्रवार को गांव सूचान में टीबी स्क्रीनिंग/हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्घाटन जिला क्षय रोग अधिकारी डा. प्रतीक गोयल ने किया।
डा. प्रतीक गोयल ने बताया कि टीबी के मुख्य लक्ष्ण अधिक खांसी, लगातार बुखार, थकावट होना, वजन घटना तथा सांस लेने में परेशानी होते हैं। इस बीमारी का सबसे अधिक प्रभाव फेफड़ों पर होता है। फेफड़ों के अलावा ब्रेन, मुंह, लीवर, किडनी, गले आदि में भी टीबी हो सकती है। टीबी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में हवा के द्वारा फैलता है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति टीबी रोग से पीडि़त हैं उन्हें समय पर अपनी दवा लेते रहना चाहिए।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव लाल बहादुर ने बताया कि शिविर में टीबी रोग की जांच, बलगम की जांच, रक्त के टेस्ट, शुगर की जांच, एचबी टेस्टिंग आदि से संबंधित रोगों की जांच की गई। इस शिविर में कुल 105 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई तथा रोगियों को निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। उन्होंने बताया कि टीबी प्रोजेक्ट के तहत निक्षय मित्र बनने वाला व्यक्ति या संस्था कम से कम 6 माह या अधिक से अधिक तीन वर्ष के लिए किसी गांव, वार्ड, पंचायत, ब्लॉक या जिले के किसी टीबी रोगी/रोगियों को गोद लेकर उन्हें भोजन, पोषण, आजीविका के स्तर पर जरूरी मदद उपलब्ध करवा सकते हैं।
इस अभियान के अंतर्गत सरपंच प्रतिनिधि सूचान रोहताश कुमार, शिवम हॉस्पीटल से डा. विशाल तथा रुद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट से डा. रोहित मेहता द्वारा 25 टीबी पीडि़तों को गोद लिया तथा आवश्यक किट भी प्रदान की गई।
इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग के सीएचओ सूचान से डा. ज्योति, डीपीसी विपिन कुमार,  डीपीपीएम राजेश कुमार, एसटीएस राकेश कुमार, एक्स-रे विभाग से विनोद कुमार, डब्ल्यूएचपी को-ओर्डिनेटर विशाल तथा रेडक्रॉस के उप अधीक्षक पवन राणा व सुशील कुमार ने सेवाएं प्रदान की। वहीं रेडक्रॉस सचिव ने सूचान की सरपंच ममता रानी का विशेष आभार व्यक्त किया।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *