समाधान शिविर की शिकायत को पुन: खोलने की मांग
शिकायत को दफ्तर दाखिल करने वाले पर एक्शन लें मुख्यमंत्री हरियाणा: सोनी
कहा, नप अधिकारी झूठे जवाब देकर गिरा रहे मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन की गरिमा
पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्थानीय नगर निकाय मंत्री विपुल गोयल और उपायुक्त शांतनु शर्मा सहित अन्य अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर समाधान शिविर में दी गई शिकायत का झूठा जवाब देकर मुख्यमंत्री हरियाणा, जिला प्रशासन की गरिमा को ठेस पहुंचाने एवं शिकायतकर्ता को गुमराह करने वाले नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी एवं संबंधी कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने एवं उच्चस्तरीय विभागीय जांच करवाने की मांग की है। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने बताया कि पिछले दिनों समाधान शिविर के माध्यम से सिरसा शहर के पूर्व पार्षदों के निवास के बाहर पिछले 8 वर्षों से लगे साइन बोर्ड को उतारकर नगर परिषद द्वारा कबाड़ में डालने को लेकर शहर के विभिन्न वार्डों के पूर्व पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधियों द्वारा लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में इस मामले की तुरंत उच्च स्तरीय जांच करवाकर बोर्ड उतरवाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई अमल में लाए जाने और हटाए गए साइन बोर्ड को दोबारा से लगाए जाने सहित अन्य विषयों पर जांच की मांग की गई थी।
जिसने उतरवाए बोर्ड, उसी को सौंपी जांच
पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने बताया कि हैरानीजनक है कि पूर्व पार्षदों द्वारा नगर परिषद प्रशासन के जिस अधिकारी के खिलाफ साइन बोर्ड उतारने की शिकायत दी गई थी, जिला प्रशासन द्वारा इस मामले की जांच भी उसी अधिकारी को सौंप दी गई। समाधान शिविर में पूर्व पार्षदों एवं पार्षद प्रतिनिधियों द्वारा दी गई शिकायत का भी उपरोक्त नप अधिकारी ने गोलमाल जवाब बनाकर न केवल प्रदेश सरकार को गुमराह किया है बल्कि पूर्व पार्षदों के साथ जिला प्रशासन व समाधान शिविर की गरिमा को भी ठेस पहुंचाई है।