निर्वाचित व को-आप्टेड सदस्यों का करवाया जाए डोप टेस्ट: डा. गुरचरण सिंह

प्रोटेम स्पीकर हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को भेजा पत्र
सिरसा। हरियाणा सिक्ख गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी के प्रधान पद के चुनाव के लिये सभी निर्वाचित व को-आप्टेड सदस्यों का चुनाव से पहले डोप टेस्ट करवाने को लेकर गांव वैदवाला निवासी डा. गुरचरण सिंह ने सरदार जोगा सिंह, प्रोटेम स्पीकर हरियाणा सिक्ख गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी कुरूक्षेत्र को एक पत्र भेजा है। डा. गुरचरण सिंह ने बताया कि वे पिछले कई सालों से हरियाणा की अलग सिक्ख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी बनाने के लिये संघर्षशील रहे हंै। अब जब हरियाणा की अलग सिक्ख कमेटी बन चुकी है और उसके चुनाव 19 जनवरी 2025 को मुकम्मल हो चुके हैं। 40 निर्वाचित सदस्य चुनाव के जरिये चुने जा चुके हैं और उसके बाद सरकार द्वारा 9 सदस्य भी को-ऑप्ट कर लिये गये हैं। इन सभी सदस्यों ने अपने शपथ पत्रों में यह बात कही है कि वह किसी तरीके का भी नशा नहीं करते। परन्तु मुझे विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि इन सदस्यों में से कुछ सदस्य नशे का सेवन करते हैं, इसलिये मैं ये चाहता हूं कि हरियाणा सिक्ख गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी जो सिक्खों की सर्वोच्च संस्था बनने जा रही है और इस कमेटी की गरिमा व प्रतिष्ठा बरकरार रखने के लिये सभी सदस्यों का प्रधानी के चुनाव से पहले डोप टेस्ट होना अति आवश्यक है। डा. गुरचरण सिंह ने प्रोटेम स्पीकर से आग्रह किया कि हरियाणा सिक्ख गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी की गरिमा को बरकरार रखते हुये सभी सदस्यों का डोप टेस्ट करवाएं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *