भाविप द्वारा संचालित तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर सम्पन्न
सिरसा। भारत विकास परिषद शाखा सिरसा द्वारा तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर का सफल आयोजन जी आर जी नैशनल गल्र्स सीनियर सैकेंडरी विद्यालय में मातृशक्ति के द्वारा सविता बंसल की अध्यक्षता व गतिविधि संयोजक महिला सहभागिता सुमन गौतम के नेतृत्व में आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्रीय सचिव संस्कार हरिओम भारद्वाज, प्रांतीय महासचिव दीपक शर्मा, प्रांतीय संपर्क गतिविधि संयोजक अशोक गुप्ता, जिला समन्वयक प्रमोद मोहन गौतम की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने वक्तव्य के माध्यम से अच्छे आचरण व व्यवहार के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए आत्मनिर्भरता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जगाया। मंच का कुशल संचालन शाखा सचिव मनोज भारत व वीना मेहता प्रकल्प प्रमुख द्वारा किया गया। शिविर के प्रथम दिवस पर सिरसा एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष अरविंद बंसल व महासचिव सुरेश गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। उन्होंने कहा इस प्रकार के शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं, इसलिए समय-समय पर ऐसे ज्ञानवर्धक व प्रेरणादायक शिविरों का आयोजन होते रहना चाहिए। शिविर में बच्चों को नैतिक, शारीरिक, सांस्कृतिक व बौद्धिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रतिदिन शिविर का शुभारंभ मंच आमंत्रण व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। तत्पश्चात वंदे मातरम व अतिथि स्वागत के बाद देश हमें देता है सब कुछ शिविर गीत गाया गया। अर्चना शर्मा, वीना मेहता, साइकोलॉजिस्ट कुमारी एकता व किरण भल्ला ने अपने ज्ञान अनुभव और प्रेम पूर्ण मार्गदर्शन से बच्चों में संस्कारों का संचार किया। योग अभ्यास, प्रेरक कहानियां, रामायण व श्रीमद्भागवत गीता के श्लोक उच्चारण, स्वास्थ्य चर्चा, आहार संबंधी आदतें, विद्यार्थियों में बढ़ते तनाव, बीके बहनों स्वाति व शमां द्वारा आध्यात्मिक ज्ञानवर्धक बातें जैसे कार्यक्रमों से बच्चों में अनुशासन, ज्ञान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी। इसके अतिरिक्त चित्रकला, पर्यावरण संरक्षणए ग्लास चित्रकारी एमेहंदीए तथा भारतीय नृत्य कला की गतिविधियां भी शामिल रही। स्वास्थ्य संबंधी व आहार संबंधी जानकारी हेतु डा. वंदना व डा. चांदनी मित्रा, मेहंदी प्रशिक्षण में रेवती, चित्रकारी में भारती, गीत गायन में रजनी फुटेला व भारतीय नृत्य कला में एकता ने बच्चों को निपुण करने में अपनी भूमिका निभाई। साइबर क्राईम सेल से जगजीत ने साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। एससीईआरटी गुडग़ांव से सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर व पब्लिक यूटिलिटी सर्विस कोर्ट के जज पवन सुथार ने बच्चों को कानूनी सलाह और पोक्सो एक्ट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थी एलएलबी करने के बाद किस प्रकार जज के पद तक अपने भविष्य को संवार सकते हैं। अंतिम दिवस पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा को सबके समक्ष प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को व विजेताओं को परिषद की ओर से पुरस्कृत किया गया। प्रशिक्षकों व वक्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रबंधन कमेटी, प्राचार्या किरण मेहंदीरत्ता, विद्यालय स्टाफ व कार्यालयीय सदस्यों का भरपूर सहयोग रहा। परिषद परिवार के दायित्वधारियों ने विद्यालय की प्रबंधन कमेटी का सहयोग के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। सभी बच्चों के लिए फल, बिस्कुट व पेयजल की व्यवस्था भी विद्यालय प्रबंधन की ओर से की गई। लगभग 350 बच्चों ने शिविर का लाभ उठाया। शिविर में पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ सदस्य रमेश जिन्दगर, गतिविधि संयोजक पर्यावरण कुलवंत राय, मदन लाल गुप्ता, भगवान दास बंसल, गतिविधि संयोजक सेवा कुसुम लता गोयल, राज सिंगला, राज गुप्ता, नीलम कंसल, पुष्पा सिंगला, कमलेश सिंगला की उपस्थिति एवं सहयोग रहा।