आज दिनांक 31 मई को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बप्पा के प्रांगण में “विश्व तंबाकू निषेध दिवस” के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग गतिविधियों से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने सुंदर-सुंदर चित्र बनाकर तंबाकू और नशे के विरुद्ध एक सशक्त संदेश दिया। चित्रकला प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने समाज को नशा मुक्ति की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया।
प्रार्थना सभा में मुख्य वक्ता के रूप में नरेश कुमार ग्रोवर, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के प्रोग्राम ऑफिसर एवं रेड क्रॉस इकाई के प्रवक्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नशा हमारे जीवन का नाश करता है। यदि हमें एक संतुलित, स्वस्थ और सफल जीवन जीना है तो नशे से दूरी बनाकर रखनी होगी।” उन्होंने तंबाकू, सिगरेट, शराब, गांजा, चिट्टा, हेरोइन आदि नशों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इनकी आदत व्यक्ति के मानसिक, शारीरिक और आर्थिक विनाश का कारण बनती है।
उन्होंने यह भी कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर प्रयोग या शौक के रूप में होती है, परंतु समय के साथ यह लत बन जाती है, जो व्यक्ति को उसके परिवार, पढ़ाई और भविष्य से दूर कर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभकरण शर्मा जी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “नशे से जितना दूर रहेंगे, पढ़ाई और उज्ज्वल भविष्य के उतने ही करीब जाएंगे।” उन्होंने मोबाइल की लत को भी आधुनिक नशे का एक रूप बताया और कहा कि यदि हम मोबाइल का सदुपयोग करें तो वह ज्ञान का स्रोत है, किंतु दुरुपयोग विनाश का कारण बन सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों — श्री प्रकाश सिंह, मनीष मेहता, भारत भूषण, रोहित, सुखविंदर सिंह, प्रदीप, प्रिंस छाबड़ा, विनीत बजाज, प्रवीण कुमार, रोहतास कुमार, भूपेंद्र सिंह, सुरेंद्र शास्त्री, सुरेंद्र कुमार, सुखदेव सिंह, रितु, सुनीता कोहली, रचना मेहता, सरोज रानी एवं अन्य ने भी सहभागिता निभाई और यह संकल्प लिया कि वे न केवल विद्यालय को नशा मुक्त बनाएंगे, बल्कि समाज को भी इस दिशा में जागरूक करेंगे।
विद्यालय द्वारा आयोजित इस मुहिम की सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की और बच्चों द्वारा प्रस्तुत चित्रों व विचारों ने सभी को गहराई से प्रभावित किया।