फर्जी सिम कार्ड नेटवर्क का भंडाफोड़
सीआईए स्टाफ डबवाली ने फर्जी सिम कार्ड नेटवर्क का भंडाफोड़ कर आरोपी को चार मोबाईल फोन,बीएसएनएल व जिओ की 494 फर्जी सिम सहित किया काबू
डबवाली पुलिस द्वारा धोखाधड़ी व जालसाजी के मामलों पर अंकुश लगाने व अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ डबवाली ने एक आरोपी को बीएसएनएल व जियो की 494 जाली सिम व चार मोबाइल फोन सहित काबू करने में कामयाबी हासिल की है । आरोपी की पहचान शुभम पुत्र रणबीर सिंह निवासी वार्ड न.5 मंडी डबवाली हाल गली न.7 सुंदरनगर मंडी डबवाली के रूप में हुई है ।
इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रभारी सीआईए स्टाफ डबवाली ने बताया कि एएसआई पालाराम अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त पड़ताल अपराधों की रोकथाम के लिए बस अड्डा गांव डबवाली मौजूद थे कि एएसआई को विश्वसनीय सूत्रों से गुप्त सूचना मिली कि एक लड़का जाली दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग कंपनियों के सिम चालू शुदा अवैध रूप से बाहर से खरीद कर लाता है व उन सिमों को यह अवैध रूप से अलग-अलग मोबाईलों मे डालकर मोबाइल फोनों के माध्यम से भिन्न-2 कंपनियों व जनता को धन/रुपयों से आर्थिक रूप से नुकसान पहुँचाकर स्वयं काफी मात्रा मे अवैध रूप से पैसा कमा रहा है । जो एएसआई ने सूचना को सही मानकर व साथी कर्मचारियों को सूचना से अवगत करवाकर सूचना के अनुसार बताए स्थान अलीका रोड मंडी डबवाली पले ग्राउंड (स्टेडियम) के पास पहुंचे तो एक नौजवान लडका लाल रंग की टी शर्ट वा नीले रंग की जींस पैंट पहने हुए अपने हाथ मे एक पॉलिथीन लिये हुये खडा दिखाई दिया जो सामने अलीकां रोड से पुलिस की सरकारी गाडी को आता देखकर एकदम से घबराकर मौका से खिसकने की कोशिश करने लगा । जो एएसआई ने साथी कर्मचारियों की सहायता से आरोपी को काबू कर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से चार मोबाइल फोन दो मार्का वीवो, व अन्य दो रियलमि व पोको, 219 सिम जियो कम्पनी व 275 सिम बीएसएनएल के बरामद हुए । जो प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जियो की सिम सिरसा से व बीएसएनएल की सिम दिल्ली से अपने दोस्तों से बिना कोई दस्तावेज के लेकर आता है और आगे अपने अन्य दोस्तों को व्हाट्सएप चलाने के लिए दे देता है । जो आरोपी के खिलाफ थाना शहर में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की गई ।