आईआईटी के लिए प्रदेश में सिरसा उपयुक्त जिला: सुशील शर्मा
सीएम से जल्द मिलेगा श्री ब्राह्मण महासभा का शिष्टमंडल
सिरसा। श्री ब्राह्मण महासभा के जिला प्रधान सुशील शर्मा ने एक प्रेस बयान में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा में एक नई आईआईटी स्थापित की जानी है और इसके लिए सिरसा जिला सबसे उपयुक्त शहर है। सिरसा में आईआईटी का निर्माण होता है तो यह सिरसा के लिए प्रदेश सरकार का बेहतरीन मास्टर स्ट्रोक होगा। जारी बयान में सुशील शर्मा ने कहा कि जल्द ही श्री ब्राह्मण महासभा का एक शिष्टमंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इस मुद्दे को लेकर मुलाकात करेगा। शर्मा ने कहा कि आईआईटी जैसे संस्थान का सिरसा में आना न केवल क्षेत्र के शैक्षणिक और आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि पूरे पश्चिमी हरियाणा के लिए एक परिवर्तनकारी कदम सिद्ध होगा। सिरसा जिला आईआईटी के लिए सभी संसाधनों से पूर्ण है और सभी नियम व शर्तों को पूरा करता है। उन्होंने कहा कि सिरसा जिले की हमेशा से ही अनदेखी की गई है। इसलिए सरकार के पास अवसर है कि वह इस मौके का लाभ उठाकर सिरसा को आईआईटी के रूप में सौगात प्रदान करे। उन्होंने राजनैतिक दलों, धार्मिक संगठनों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और प्रभावशाली नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना सिरसा में करवाने के लिए सरकार पर सकारात्मक दबाव बनाएं।