ओबीसी नेतृत्व के भागीदारी न्याय महासम्मेलन के लिए विधायक चंद्रप्रकाश ने आदमपुर में आयोजित की बैठक
– 25 जुलाई के न्याय महासम्मेलन के लिए कमर कस लें कार्यकर्ता : विधायक चंद्रप्रकाश
– भागीदारी न्याय महासम्मेलन ओबीसी समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगा : विधायक चंद्रप्रकाश
– विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा, हाशिए पर खड़े वर्गों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए सभी को मिलकर लड़ना होगा
आदमपुर मंडी / हिसार : विधायक चंद्रप्रकाश ने दिल्ली में 25 जुलाई को आयोजित होने वाले कांग्रेस ओबीसी नेतृत्व के भागीदारी न्याय महासम्मेलन में हिस्सेदारी के लिए आदमपुर की शिव कॉलोनी में स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में ओबीसी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की। इस बैठक में उन्होंने भागीदारी न्याय महासम्मेलन के लिए कार्यकर्ताओं को कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 25 जुलाई को होने वाले न्याय महासम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े व कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपनी ओजस्वी वाणी में प्रेरणादायी वक्तव्य से जागरूक करेंगे। इसलिए इस सम्मेलन की सफलता के लिए अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि यह भागीदारी न्याय महासम्मलेन ओबीसी समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदमपुर हलके से कार्यकर्ता बढ़-चढक़र महासम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
चंद्रप्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जनता के हितों के लिए अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। आज के माहौल में हाशिए पर खड़े वर्गों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए सभी को मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने बताया कि सांसद राहुल गांधी भारत की शक्ति संरचना जैसे सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों, उच्च श्रेणी के सिविल सेवकों, मीडिया प्राधिकरणों और कॉरपोरेट क्षेत्र में ओबीसी की अनुपस्थिति को स्पष्ट कर चुके हैं। राहुल गांधी का दृढ़ता से विश्वास है कि महात्मा गांधी, महात्मा फुले, जवाहरलाल नेहरू और बाबा साहेब अंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए उच्चतम प्राधिकारी पदों पर ओबीसी वर्ग की उपस्थिति अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि गरीब, मजदूर, वंचित, शोषित व पिछड़ा वर्ग के हक की आवाज बुलंद करने के लिए एक मजबूत और सार्थक ओबीसी आंदोलन आवश्यक है। इसलिए 25 जुलाई को ओबीसी नेतृत्व के भागीदारी न्याय महासम्मेलन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बड़े-बड़े दावे और वादे करके ओबीसी समाज के वोट हथियाने का काम किया है। ओबीसी समाज के हितों के लिए काम करने की अपेक्षा भाजपा सरकार उन्हें प्रताड़ित कर रही है। इसलिए न्याय महासम्मेलन की सार्थकता और भी बढ़ जाती है।
बॉक्स : विधायक चंद्रप्रकाश ने जनता दरबार लगाकर सुनी समस्याएं
आदमपुर मंडी / हिसार : विधायक चंद्रप्रकाश ने आदमपुर की शिव कॉलोनी स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में जनता दरबार आयोजित करके हलकावासियों की समस्याएं सुनी और उनके निदान के लिए निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से बातचीत करके समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए भी कहा।
विधायक चंद्रप्रकाश ने हरियाणा विधानसभा की पब्लिक हेल्थ, इरीगेशन, बिजली एवं पीडब्ल्यूडी संबंधी मामलों की कमेटी के दौरे के दौरान कमेटी को आदमपुर की वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया। आदमपुर में चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करवाने के लिए कमेटी से बातचीत की ताकि हलकावासियों को राहत मिल सके। दरअसल आदमपुरवासियों को सुचारू सीवर व पेयजल व्यवस्था की दरकार है। इसके साथ ही निर्माणाधीन सडक़ों का कार्य जल्द पूर्ण करने की आवश्यकता है।