स्वतंत्रता सैनानियों का बलिदान अतुलनीय: मंजू पूनिया
सिरसा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभागीय आदेशानुसार ओमप्रकाश वरिष्ठ भूतपूर्व सैनिक ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस मौके पर विद्यालय प्राचार्या मंजू पूनिया ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में अवगत कराया और देश सेवा में सैनिकों के योगदान को सराहा। इस कार्यक्रम में कमलेश चाहर मंडलीय बाल कल्याण विकास अधिकारी ने कक्षा दसवीं और बारहवीं के टॉपर विद्यार्थियों को 5100-5100 रुपए की इनाम राशि प्रदान की और बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1100-1100 रुपए इनाम दिया। इस अवसर पर गांव के समाजसेवी लीलाधर सोनी ने 40000 रुपए की राशि से स्कूल में इन्वर्टर दान दिया। रचना राव सरपंच साहुवाला द्वितीय ने इस अवसर पर गांव से आए भूतपूर्व सैनिकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए और गांव से समाजसेवी राहुल राव ने 5100 रुपए की दान राशि विद्यालय को प्रदान की। तीनों विद्यालयों के एसएमसी प्रधान ने प्रतिभागी बच्चों को इनाम स्वरूप कॉपी और पेन भेंट किए और विद्यालय में कार्यरत सुमन पीजीटी हिंदी ने बोर्ड परीक्षा में हिंदी विषय में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया व भगवान पीटीआई ने बोर्ड परीक्षा में शारीरिक शिक्षा विषय में 100 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। गांव से आए करीब 20 दानी सज्जनों ने विद्यालय को भेंट स्वरूप पंखे दिए। इस कार्यक्रम में तीनों विद्यालयों के स्टाफ सदस्य, एसएमसी के सदस्य और काफी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।