हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने तीन स्थानों से पकड़े नशा तस्कर
सिरसा। हरियाणा सरकार के नशा मुक्त प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सिरसा यूनिट ने कार्यवाही करते हुए तीन अलग-अलग सर्च ऑपरेशनों में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन कार्यवाहियों में हेरोइन और नशीली टैबलेट्स की बड़ी मात्रा बरामद की गई है। ब्यूरो प्रमुख एवं पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के दिशा-निर्देशों पर पूरे प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में इस कार्यवाही को पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के नेतृत्व और उप पुलिस अधीक्षक जगजीत सिंह के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया है। तीनों कार्यवाहियों के बारे में सिरसा यूनिट इंचार्ज वीरेंद्र सिंह ने विस्तार से बताया कि पहले मामले में सब्जी मंडी, सिरसा क्षेत्र में टीम ने घेराबंदी कर मौके से एक संदिग्ध को काबू किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान पंकज निवासी अनाज मंडी, सिरसा के रूप मे हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 900 नशीली टैबलेट्स बरामद की गई। दूसरे मामले में ब्यूरो की यूनिट सिरसा के इंचार्ज ने बताया कि एएसआई गुरलाल ने अपनी टीम के साथ घुकांवाली में घेराबंदी कर मौके से एक संदिग्ध को काबू किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जगप्रीत सिंह निवासी गांव घुकांवाली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 8.95 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। तीसरे मामले में थाना शहर सिरसा यूनिट की टीम ने कार्यवाही करते हुए गौरव नागपाल निवासी पुरानी हाऊसिंग कालोनी, सिरसा को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एफआईआर नंबर 432, दिनांक 26 अगस्त 2025, धारा 21बी, 29/61, 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है।