प्रधानमंत्री का देशवासियों से आह्वान स्वागत योग्य कदम: डा. केहरवाला
सिरसा। भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला प्रवक्ता डा. गंगा सागर केहरवाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से किए गए आह्वान को देशहित में स्वागत योग्य कदम बताया है। जारी बयान में केहरवाला ने कहा कि पीएम द्वारा यह आह्वान पश्चिमी एशिया में चल रहे तनाव के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट के बीच पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सोने का आयात घटाने के लिए किया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी की यह अपील विदेशी मुद्रा बचाने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में कारगर कदम साबित होगी। केहरवाला ने कहा कि इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने देशहित में एक और आह्वान करते हुए कहा कि जनता को कम से कम एक साल तक सोने के गहने नहीं खरीदने का आह्वान किया है। संकट की इस घड़ी में देश का पैसा यानी विदेशी मुद्रा बचाना ही हमारी असली देशभक्ति है। केहरवाला ने कहा कि भारत बहुत बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल बनाने वाला कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। ऐसे में अगर देश के लोग बिना जरूरत के या जरूरत से बहुत ज्यादा पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल करेंगे, तो इसका सीधा और बहुत बुरा असर देश की पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। दुनिया इस वक्त एक बहुत ही भयंकर ऊर्जा संकट का सामना कर रही है और पश्चिम एशिया में जो तनाव चल रहा है। इसीलिए देशवासी प्रधानमंत्री के आह्वान का सम्मान करते हुए देशहित में अपनी जिम्मेदारी समझें और पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग बहुत ही ज्यादा सोच-समझकर करें। उन्होंने भरोसा जताया कि ऐसा करने से न केवल देश की विदेशी मुद्रा बचेगी, बल्कि युद्ध के कारण पैदा हुए वैश्विक संकट का बुरा असर भी भारत पर बहुत कम पड़ेगा। उन्होंने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि पहले जब भी देश पर कोई युद्ध या राष्ट्रीय संकट आता था, तो लोग देशहित में अपना सोना तक सरकार को दान कर देते थे। उन्होंने कहा कि आज सरकार को आपके सोने के दान की कोई जरूरत नहीं है। कहरवाला ने कहा कि देश की आर्थिक ताकत और उसके संसाधनों की रक्षा करना भी आज के समय में सबसे बड़ी देशभक्ति है।