जनता की परेशानियों को देखते हुए संवेदनशीलता दिखाए सरकार: डा. ममता
सिरसा। शहर की प्रसिद्ध ईएनटी सर्जन व सामाजिक कार्यकर्ता डा. ममता मेघवाल ने सरकार से सफाई कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी जायज मांगों पर तुरंत ध्यान दिया जाना चाहिए। सरकार और प्रशासन को कर्मचारियों से बातचीत कर जल्द समाधान निकालना चाहिए, ताकि शहर की व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौट सके। डॉ. ममता मेघवाल ने कहा कि लगातार बढ़ती गंदगी के कारण महामारी फैलने की आशंका बढ़ती जा रही है। कई स्थानों पर लोग कूड़े में आग लगाने लगे हैं, जिससे प्रदूषण भी बढ़ रहा है और वातावरण दूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द हड़ताल समाप्त नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। डा. ममता ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि जनता की परेशानियों को देखते हुए संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।