नागरिक अस्पताल में कर्मचारियों की तालमेल कमेटी गठित
सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं, मांगों एवं उनके समाधान हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने के उद्देश्य से एक तालमेल कमेटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इस बैठक में नर्सिंग एसोसिएशन, फामेर्सी एसोसिएशन, एक्स-रे कर्मचारी संगठन, एम.पी.डब्ल्यू. मेल एवं फीमेल संगठन सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी संगठनों की सहमति से प्रधान अमित गिल, उप-प्रधान राजविंदर कौर एवं अमित, सचिव विजय धींगड़ा, संयुक्त सचिव नसीब सिंह, कैशियर सीमा रानी (नर्सिंग आॅफिसर) एवं हरजीत कौर (नर्सिंग आॅफिसर) व प्रेस सचिव राजकुमार भारद्वाज को नियुक्त किया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन एवं सुझाव प्रदान करने के लिए एक सलाहकार समिति का गठन किया जाए। इस समिति में गायत्री देवी (मैट्रन), दर्शना, जागप्रीत सिंह, मदन, हेमंत कुमार को शामिल किया गया है। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित तालमेल कमेटी कर्मचारियों की जायज मांगों एवं समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगी तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं उनके कल्याण के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। अंत में सभी सदस्यों ने संगठनात्मक एकता बनाए रखने तथा कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।