डिजिटल मार्केटिंग विषय पर हुई विचार-गोष्ठी
राजकीय नैशनल महाविद्यालय, सिरसा में प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में डिजिटल मार्केटिंग विषय पर विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. हरविंदर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्राचार्य प्रो. हरजिंदर सिंह के मार्गदर्शन व प्लेसमेंट और करियर काउंसलिंग सेल प्रभारी डा. साक्षी मेहता के संयोजन में डिजिटल मार्केटिंग एंटरप्राइज डीजीपरफॉर्म के सहयोग से डिजिटल मार्केटिंग विषय पर आयोजित इस विचार गोष्ठी में विद्यार्थियों को वर्तमान कारोबारी माहौल में डिजिटल मार्केटिंग के महत्व और आवश्यकतायों के बारे में विस्तृत जानकारियां प्रदान की गईं। इस विचार-गोष्ठी में रमित तनेजा और उनकी टीम ने डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्लेसमेंट और करियर काउंसलिंग सेल प्रभारी डॉ. साक्षी मेहता ने मेहमानों का स्वागत किया और विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन में डॉ. विवेक गोयल, डॉ. वीना रहेजा, सुश्री मीनू शर्मा इत्यादि ने भी अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया।