सरसों मिल मालिकों को दी नीलामी पोर्टल की जानकारी
हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के जिला कार्यालय में सरसों मिल मालिकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रबंधक हरीश शर्मा ने की। बैठक में आगामी सरसों नीलामी एवं कॉरपोरेशन द्वारा तैयार किए गए नए सरसों नीलामी पोर्टल के संबंध में मिल मालिकों को विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला प्रबंधक हरीश शर्मा ने बताया कि हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए निरंतर पारदर्शी एवं आधुनिक प्रणाली अपनाने की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि नए पोर्टल के माध्यम से सरसों नीलामी प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध हो सकेगी।
सभी प्रतिभागियों को नए नीलामी पोर्टल के उपयोग की विधि एवं आगामी नीलामी प्रक्रिया की रूपरेखा से अवगत कराया गया। इस अवसर पर एसडीई अजय सिंह, लेखाकार राजबीर सिंह तथा तकनीकी सहायक विशाल रोहिल्ला उपस्थित रहे। बैठक में सरसों तेल मिल प्रतिनिधि गगन अरोड़ा, सय्यम गर्ग, हितेश गर्ग, धीरपाल एवं गौरव ने भाग लिया।