मनमानी पर उतारू है गौशाला प्रबंधन
11वें दिन भी जारी रहा बेमियादी धरना, शिवसेना ने दिया समर्थन
सिरसा, 03 दिसंबर। श्री गौशाला सिरसा के बाहर अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को 11वें दिन में प्रवेश कर गया। बुधवार को बाबा की आरती बाहर सडक़ पर ही की गई। आज शिवसेना सिरसा के प्रधान सोमनाथ दुग्गल धरने पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया।
सोमनाथ दुग्गल ने गौशाला पदाधिकारियों से बातचीत भी की और उन्हें कहा कि जल्द से जल्द शिवलिंग को अपने स्थान पर विराजित करें। दुग्गल के साथ शिवसेना कार्यकारिणी के सदस्य श्याम बंसल, भवानी शंकर साहुवाला, पूर्व पार्षद सुशील सैनी, गोपाल गोयल, राजकुमार साहुवाला, संजय अग्रवाल, नीरज सैनी, बाबूलाल सैनी, श्याम सुंदर वर्मा, मोहित सैनी, श्यो भगवान सैनी, विकास सैनी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
मंदिर संस्थापक परिवार के सदस्य भवानी शंकर ने इस अवसर पर शहर के विद्वानजनों से आग्रह किया कि वे यहां आकर देखें और हमें बताएं कि क्या शिवलिंग की जगह बदलना उचित है। श्री गौशाला के पदाधिकारियों ने हठधर्मी का परिचय देते हुए मनमर्जी की है, जिससे शिवभक्तों की आस्था पर चोट लगी है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 दिन से वे बेमियादी धरना दे रहे हैं लेकिन गौशाला के पदाधिकारी टस से मस नहीं हो रहे। उन्होंने कहा कि यह एक आंदोलन है और न्याय मिलने तक जारी रहेगा।