|

‘एक्शन एंड मॉनिटरिंग कमेटी’ लगाएगी वोट चोरी पर रोक: मोहन ढिल्लों

सिरसा। हरियाणा कांग्रेस ने राज्य में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की निगरानी के लिए एक ‘एक्शन एंड मॉनिटरिंग कमेटी’ का गठन किया है।  चुनाव आयोग द्वारा 1 जुलाई से शुरू होने वाले मतदाता सूची के कार्य में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कांग्रेस ने इस समिति का विस्तार किया है। सिरसा में 15 जून से एसआईआर का कार्य शुरू किया जाएगा। यह जानकारी मोहन ढिल्लों जिला प्रभारी, एसआईआर मॉनिटरिंग कमेटी ने वीरवार को कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से सूची से नहीं हटने दिया जाएगा। ढिल्लों ने कहा कि निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पार्टी लगातार स्थानीय स्तर पर बैठकें कर रही है। गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को एसआईआर के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किस प्रकार सत्तासीन भाजपा सरकार ने धांधली करते हुए बिहार व पश्चिमी बंगाल में एकतरफा सरकार बनाने का काम किया। ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता ब्लॉक और हर बूथ पर जाकर लोगों को जागरूक करेगा। उन्होंने चुनावों में हुई धांधली के सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने वोटों में की गई धांधली को लेकर अनेक बार मामले को उजागर किया, लेकिन सरकार ने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए उनकी बात को दबाने का काम किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कहा कि पूरे जिले में बीएल-2 की लिस्ट जारी कर दी गई है। संवैधानिक तौर पर वोट कटने का मुद्दा उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी दस्तावेज आधार कार्ड से लिंक किए हुए हैं। बीएलए द्वारा एसआईआर के दौरान लोगों से ओटीपी लिया जा रहा है, जबकि ज्यादातर लोगों को ये पता नहीं होता कि वो ओटीपी किस चीज के लिए है, जोकि गड़बड़ी का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर जिलेभर की पांचों विधानसभाओं में सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी की टीम को लेकर इस अभियान को सिरे चढ़ाया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य यही है कि भविष्य में जो भी चुनाव होगा, वो पूरी पारदर्शिता के साथ होगा और किसी प्रकार की धांधली चुनावों में नहीं होगी। इस मौके पर बीएल-1 सिरसा सुमित मदान, रानियां के बीएलए-1 संजय नायक, ऐलनाबाद नगरपालिका के चेयरमैन रामसिंह सोलंकी, गजानंद सोनी, रामकुमार खैरेकां, शुभम पूनियां सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *