एफ.एल.एन. मिशन की सफलता में सीआरसी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण: सुभाष फुटेला

डाइट, डिंग, सिरसा में सीआरसी हेतु एफएलएन ओरिएंटेशन कार्यक्रम शुरू
सिरसा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), हरियाणा, गुरुग्राम एवं हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय, पंचकुला के आदेशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), डिंग, सिरसा में प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया एवं डाइट आईएफआईसी विंग प्रभारी नरेश नरूला की देखरेख में जिले के सभी क्लस्टर रिसोर्स कोआॅर्डिनेटर्स के लिए दो दिवसीय एफएलएन ओरिएंटेशन कार्यक्रम आरम्भ हो गया है। जानकारी देते हुए डाइट प्रवक्ता डॉ. विनोद भट्टू ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रथम दिन सिरसा, रानियां एवं बड़ागुढ़ा खंड के सीआरसी ने भाग लिया। ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दूसरे दिन नाथूसरी चोपटा, डबवाली, ऐलनाबाद एवं ओढ़ा खंड के सीआरसी भाग लेंगे। कार्यक्रम के प्रथम दिन जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा एवं डाइट डिंग के प्राचार्य सुभाष फुटेला ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण कुमार, जिला एफ.एल.एन. समन्वयक डॉ. कपिल देव तथा जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार मौजूद रहे। डीईओ सिरसा एवं डाइट डिंग प्राचार्य सुभाष फुटेला ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं निपुण भारत मिशन के सफल क्रियान्वयन में क्लस्टर रिसोर्स कोआॅर्डिनेटर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक बच्चे को कक्षा 3 तक बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से दक्ष बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक सहयोग, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) कृष्ण कुमार ने विद्यालय स्तर पर प्रभावी शैक्षणिक सहयोग और सतत मॉनिटरिंग हेतु सीआरसी से नियमित विद्यालय भ्रमण करने, शिक्षकों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने तथा प्रत्येक बच्चे की अधिगम प्रगति पर निरंतर निगरानी रखने का आह्वान किया। जिला एफ.एल.एन. समन्वयक डॉ. कपिल देव ने प्रतिभागियों को एफ.एल.एन. के प्रमुख अधिगम परिणामों, दक्षता-आधारित शिक्षण, गतिविधि-आधारित कक्षा संचालन, प्रभावी मूल्यांकन तथा बच्चों की सीखने की कमियों को समय रहते दूर करने की रणनीतियों के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान डिस्ट्रिक्ट लेंग्वेज लर्निंग फाउंडेशन टीम से कॉर्डिनेटर जितेंद्र नेगी, सदस्य हजारी लाल, मारग्रेट, मनोज त्यागी, राजकुमार, एबीआरसी मोनिका, डाइट प्रवक्ता डॉ. राकेश मोहन, डॉ. मनोज पुरी एवं चंद्र प्रकाश शर्मा ने विभिन्न विषयों पर रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में आईएफआईसी विंग प्रभारी नरेश नरूला एवं चंद्र प्रकाश शर्मा ने सभी मुख्य अतिथियों, रिसोर्स पर्सन्स, प्रतिभागियों तथा आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभवों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डाइट प्रवक्ता डॉ. सतबीर सिंह न्योल, डॉ. दलीप गोदारा, सूरज दुग्गल, पवन कनोजिया, सतपाल सिंह एवं संदीप कुमार उपस्थित रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *